मोहाली की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली छात्राओं का नहाते हुए वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद खबर आई कि 8 छात्राओं ने खुदकुशी की कोशिश की है और इनमें से एक की हालत नाजुक है। हालांकि, यूनिवर्सिटी इससे इनकार कर रही है।
वीडियो बनाने वाली छात्रा से हॉस्टल में लड़कियों ने ही पूछताछ की है। इसका भी एक वीडियो सामने आया है। आरोपी छात्रा का कहना है कि उसने ये वीडियो दबाव में बनाया, ज्यादा सवाल होने पर वो अपने फोन में एक लड़के का फोटो दिखा रही है।
पुलिस के मुताबिक, ये लड़का उसका बॉयफ्रेंड है और शिमला का रहने वाला है। उसी ने वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। पुलिस ने यह भी कहा कि छात्रा ने केवल अपना वीडियो लड़के को भेजा था। दूसरी लड़कियों का नहीं।
वीडियो सामने आने के बाद चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में शनिवार-रविवार की रात भारी हंगामा शुरू हो गया, जो अब तक जारी है। छात्राएं और उनके परिजन प्रदर्शन कर रहे हैं।