दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज 31वीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी दिल्ली के वीर भूमि पहुंची और पूर्व PM राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, राहुल गांधी ने पिता को याद कर एक वीडियो शेयर किया। PM मोदी सहित अन्य दिग्गज नेताओं ने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी।
राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी भावुक हो गए। उन्होंने एक वीडियो शेयर कर कहा, ‘मेरे पिता एक दूरदर्शी नेता थे जिनकी नीतियों ने आधुनिक भारत को आकार देने में मदद की। वह एक दयालु इंसान थे और मेरे और प्रियंका के लिए एक अद्भुत पिता, जिन्होंने हमें क्षमा और सहानुभूति का महत्व सिखाया। मुझे उनकी बहुत याद आती है और हम दोनों ने साथ में जो समय बिताया है, उसे भी बहुत याद करता हूं।’21 मई 1991 में एक आत्मघाती बम धमाके में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। उन्होंने अपने कार्यकाल में श्रीलंका में शांति सेना भेजी थी, जिससे तमिल विद्रोही संगठन लिट्टे (लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम) उनसे नाराज चल रहा था। 1991 में जब लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार करने राजीव गांधी चेन्नई के पास श्रीपेरम्बदूर गए तो वहां लिट्टे ने राजीव पर आत्मघाती हमला करवाया।