यमन ने 392 नागरिकों को सूडान से निकाला

यमन ने 392 नागरिकों को सूडान से निकाला

सना : यमन के 392 नागरिकों को पिछले 24 घंटे के दौरान सूडान से निकालकर सकुशल स्वदेश लाया गया है। सरकारी मीडिया ने सोमवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी विमान सेवा कंपनी यमेनिया ने लोगों को स्वदेश वापस लाने के लिए दो उड़ानें संचालित कीं।

पहली उड़ान रविवार को 197 नागरिकों को लेकर दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन पहुंची।

दूसरी उड़ान 195 यात्रियों के साथ रविवार देर रात हूती के कब्जे वाली राजधानी सना में उतरी।

सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पोर्ट सूडान शहर से लगभग 2,000 यमनी नागरिकों को निकालने के लिए पूरे सप्ताह में अतिरिक्त उड़ानें निर्धारित की गई हैं।

इस ऑपरेशन का उद्देश्य 15 अप्रैल को सूडान में शुरू हुए संघर्ष के मद्देनजर वहां विभिन्न शहरों मे रह रहे यमनी नागरिकों को स्वदेश लाना है।

पोर्ट सूडान सूडान की राजधानी खार्तूम से लगभग 675 किमी पश्चिम में लाल सागर के तट पर स्थित है। स्वदेश वापसी के लिए यमन के नागरिकों को यहीं एकत्र किया जा रहा है।

सूडानी सेना और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच चल रहे संघर्ष के कारण कई देशों ने सूडान से अपने नागरिकों को निकाला है।

संयुक्त राष्ट्र के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 15 अप्रैल को पहली बार हिंसा भड़कने के बाद से कम 676 लोग मारे गए हैं, जबकि 5,576 अन्य घायल हुए हैं।

संघर्ष से 9,36,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं, जिनमें लगभग 7,36,200 आंतरिक रूप से विस्थापित हैं और लगभग 2,00,000 ने पड़ोसी देशों में शरण ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website