जलवायु परिवर्तन के दौर में पर्यावरण दिवस व चीन की भूमिका

जलवायु परिवर्तन के दौर में पर्यावरण दिवस व चीन की भूमिका

बीजिंग,| आजकल दुनिया जलवायु परिवर्तन व पर्यावरण प्रदूषण की समस्या से परेशान है। इस बीच 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस आ रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। हाल के वर्षों में चीन सरकार व विभिन्न एजेंसियां पर्यावरण की स्थिति सुधारने की कोशिश में लगी रही हैं। इसके कारण चीन में कृत्रिम वन क्षेत्रों व पार्कों का क्षेत्रफल बढ़ रहा है। राजधानी बीजिंग में भी हमने देखा है कि स्थानीय म्युनिसिपल सरकार ने कई नए पार्कों का निर्माण किया है। इतना ही नहीं चीन में मौजूद कुबुकी रेगिस्तान हो या अन्य दूसरे बंजर क्षेत्र, उन्हें हरा-भरा बनाने के लिए प्रयास जारी हैं। इन जगहों पर समय-समय पर वृक्षारोपण भी किया जाता है। इसके साथ ही चीन ने पर्यावरण संरक्षण पर अपनी कोशिश तेज करते हुए प्रदूषण फैलाने वालों व पर्यावरण संरक्षण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फैसला भी किया है।

उपरोक्त कोशिशों से पर्यावरण संरक्षण में चीन द्वारा दिए जा रहे योगदान का पता चलता है। लेकिन यह भी कहना होगा कि सिर्फ एक देश इस समस्या से अकेले नहीं निपट सकता है। इसके लिए अमेरिका जैसे विकसित देशों को भी अपनी जि़म्मेदारी निभाने की आवश्यकता है। हालांकि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पेरिस जलवायु परिवर्तन समझौते से पीछे हट गए थे। हालांकि बाइडेन सरकार इस बाबत बेहतर रवैया अपना रही है।

वहीं चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कई बार कहा है कि चीन जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए हरसंभव कोशिश करेगा। जबकि अप्रैल के महीने में फ्रांस व जर्मनी के नेताओं के साथ हुई शिखर बैठक में भी चीन ने अपना वादा दोहराया था। इसके साथ ही चीनी राष्ट्रपति ने मनुष्य और प्रकृति के लिए जीवन के एक समुदाय की अवधारणा का प्रस्ताव भी रखा। जिससे यह स्पष्ट होता है कि चीन का लक्ष्य सतत विकास को आगे बढ़ाने के लिए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है।

अब बात करते हैं विश्व पर्यावरण दिवस की। जो चीन सहित पूरे विश्व में हर साल मनाया जाता है। इस साल के पर्यावरण दिवस की थीम है इकोसिस्टम रेस्टोरेशन। जिसके तहत खराब व नष्ट हो चुके पारिस्थितिकी तंत्र को बेहतर बनाने में सहयोग देना, मुश्किलों का सामना कर रहे पारिस्थितिक तंत्र का संरक्षण आदि उपाय शामिल हुए हैं। जाहिर है कि वृक्षारोपण के जरिए पर्यावरण को बचाने में अहम योगदान दिया जा सकता है।

गौरतलब है कि वर्ष 1972 में पहली बार 5 जून को संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया था। इसके पश्चात हर वर्ष पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरुकता पैदा करने के लिए यह दिवस मनाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website