मार्च में जीएसटी संग्रह ने बनाया नया रिकॉर्ड, सरकार को मिले 1.23 लाख करोड़ रुपये

मार्च में जीएसटी संग्रह ने बनाया नया रिकॉर्ड, सरकार को मिले 1.23 लाख करोड़ रुपये

नई दिल्ली। कोरोना महामारी के चलते लगे लॉकडाउन के दौरान खराब हालत में पहुंची अर्थव्यवस्था अब पटरी पर लौटने लगी है। लगातार छठवें महीने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) वसूली एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को बताया, मार्च में जीएसटी वसूली 1,23,902 करोड़ रही। यह आंकड़ा देश में जीएसटी लागू होने के बाद से अब तक का सबसे अधिक है। वहीं महामारी के बाद लगातार चौथी बार यह 1.1 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा, जो अर्थव्यवस्था में सुधार का संकेत है। 

मंत्रालय के मुताबिक, मार्च 2021 में 1.23 लाख करोड़ रुपये के सकल जीएसटी संग्रह में केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) का हिस्सा 22,973 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) का हिस्सा 29,329 करोड़ रुपये और एकीकृत जीएसटी (आईजीएसटी) का हिस्सा 62,842 करोड़ रुपये रहा। वहीं, उपकर का हिस्सा 8,757 करोड़ रुपये रहा। इसमें से 935 करोड़ रुपये वस्तुओं के आयात पर लगे कर से जुटाए गए हैं। इससे पिछले महीने फरवरी में जीएसटी वसूली 1,13,143 करोड़ रही थी। 

मार्च 2021 में संग्रह राजस्व एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 27 फीसदी अधिक है। मंत्रालय ने कहा कि जीएसटी, आयकर और सीमा शुल्क आईटी प्रणाली सहित बहुपक्षीय स्रोतों से मिलने वाले डाटा का इस्तेमाल करके नकली-बिलिंग के खिलाफ गहरी निगरानी की गई है, जिसने राजस्व संग्रह में योगदान दिया है। 

महीना     जीएसटी संग्रह (करोड़ रुपये में)
मार्च 2020              97,597
अप्रैल 2020            32,294
मई 2020                62,009
जून 2020               90,917
जुलाई 2020            87,422
अगस्त 2020           86,449
सितंबर 2020          95,480
अक्तूबर 2020       1,05,155
नवंबर 2020          1,04,963
दिसंबर 2020         1,15,174
जनवरी 2021         1,19,847
फरवरी2021          1,13,143 
मार्च 2021             1,23,902 

भारत में बिजली की खपत मार्च में 24.35 फीसदी बढ़ी
बिजली मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में बिजली की खपत मार्च 2021 में, एक साल पहले के इसी महीने के मुकाबले 24.35 फीसदी बढ़कर 123.05 अरब यूनिट (बीयू) हो गई, जो आर्थिक गतिविधियों में सुधार को दर्शाता है। पिछले साल मार्च में बिजली की खपत 98.95 बीयू दर्ज की गई थी। दूसरी ओर इस साल मार्च में किसी एक दिन की गई अधिकतम बिजली आपूर्ति 11 मार्च को 186.03 गीगावॉट के स्तर को पार कर गई, जबकि मार्च 2020 में यह आंकड़ा 170.16 गीगावॉट था। मार्च 2020 में ज्यादातर दिन अधिकतम बिजली आपूर्ति का आंकड़ा 170.16 गीगावॉट से अधिक रहा।

English Website