अंत्योदय के संकल्प को पूरा कर रही है भाजपा : डॉ.संजय जायसवाल

अंत्योदय के संकल्प को पूरा कर रही है भाजपा : डॉ.संजय जायसवाल

पटना। बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने यहां मंगलवार को कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि एक परिवार है, जिसकी धुरी हमारे कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थापना अंत्योदय के सिद्धांत पर हुई और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार इस संकल्पना को साकार कर रही है। बिहार भाजपा के कार्यकतार्ओं को 41 वें स्थापना दिवस की बधाई देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ जायसवाल ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता ही हमारी शक्ति है और यही हमारे भविष्य के नेता होते हैं। इन्ही कार्यकतार्ओं की बदौलत 1980 में अटल बिहारी वाजपेयी और अन्य महापुरुषों द्वारा रोपित भाजपा का बीज, आज एक विशाल वटवृक्ष बन पूरे देश को अपनी छांव में ले चुका है।

केंद्र सरकार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थापना अंत्योदय के सिद्धांत पर हुई है और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार इस संकल्पना को साकार कर रही है। भाजपा के महापुरुषों ने जिस सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का स्वप्न देखा था, देश आज पूरी ताकत से उस दिशा में दौड़ रहा है।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं, दलितों, गरीबों की जीवन को सुगम और सुखमय बनाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ी है। स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यालय को पूरी तरह सजाया गया है। इस मौके पर प्रदेश कार्यालय सहित राज्य के प्रत्येक बूथों पर भाजपा का ध्वज लहराया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकतार्ओं को सम्मानित किया गया।

English Website