आज देश में रामनवमी का पर्व मनाया जा रहा है। दिल्ली, हरियाणा से लेकर कर्नाटक-महाराष्ट्र और गुजरात से लेकर मणिपुर तक मंदिरों में लोग सुबह 4 बजे से ही दर्शन करने पहुंच रहे हैं। अयोध्या के राम मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में डुबकी लगाई। हनुमान गढ़ी में भी बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं।
मणिपुर की राजधानी इंफाल के राधा-कृष्ण मंदिर में सुबह महाआरती की गई। मुंबई के जुहू में इस्कॉन के सदस्यों ने शोभायात्रा निकाली, तो ओडिशा के पुरी में समुद्र किनारे सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए रेत की कलाकृति बनाई।
अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के बाद आज पहली रामनवमी है। बुधवार दोपहर 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में रामलला का 3 मिनट तक सूर्य तिलक किया गया। 8 बजे तक 6 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं।