भोपाल: मध्य प्रदेश में आगामी समय में होने वाले नगरीय निकाय के चुनाव के मामले में सरकार ने बड़ा कदम बढ़ाया है, अब नगर निगम के महापौर का चुनाव सीधे जनता और नगर पालिका व नगर पंचायत के अध्यक्षों का चुनाव पार्षद करेंगे। राज्य सरकार के इस अध्यादेश को राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने मंजूरी दे दी है।
राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार की सुबह राज्यपाल पटेल से राजभवन में मुलाकात की थी। इस मुलाकात को इसी अध्यादेश से जोड़कर देखा जा रहा था। दोपहर आते तक मुलाकात की वजह का भी खुलासा हो गया।
राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए बताया कि, राज्य में नगर निगमों के महापौर के चुनाव सीधे जनता अर्थात प्रत्यक्ष प्रणाली से निर्वाचन होंगे, वहीं नगर पालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष और नगर पंचायत के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव पार्षद के माध्यम से होगा।
उन्होंने आगे बताया कि इस संबंध में राज्य शासन ने राज्यपाल को अध्यादेश भेजा था, जिस पर राज्यपाल की अनुमति प्राप्त हो गई है। अध्यादेश के नोटिफिकेशन के बाद प्रस्ताव राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा।
ज्ञात हो कि बीते कई दिनों से यह चर्चा जोरों पर थी कि सरकार ने नगरीय चुनाव को लेकर एक अध्यादेश राज्यपाल को भेजा है, मगर बीते रोज सरकार ने इस बात से साफ इंकार किया था। आज मुख्यमंत्री की मुलाकात और नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह के बयान ने तस्वीर साफ कर दी है।