कोरोना: 62,375 केस आए, 1,590 की जान गई और 88,421 ठीक भी हुए

कोरोना: 62,375 केस आए, 1,590 की जान गई और 88,421 ठीक भी हुए

नई दिल्ली। देश में बीते 24 घंटों में 62,375 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 1,590 संक्रमितों की मौत हो गई, लेकिन राहत की बात है कि 88,421 मरीज ठीक हो गए। बीते दिन महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या भी 61 दिनों में सबसे कम रही। इससे पहले 17 अप्रैल को 1,498 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई थी।

11 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 11 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

21 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

अमेरिका की कंपनी नोवावैक्स की वैक्सीन सितंबर में भारत में लॉन्च हो सकती है। इसे भारत में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) कोवावैक्स के नाम से बनाएगा। SII ने गुरुवार को बताया कि हम सितंबर में वैक्सीन को भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं। जुलाई से बच्चों पर इसका क्लीनिकल ट्रायल शुरू करने की योजना है।

प्रमुख राज्यों के हाल

  1. महाराष्ट्र
    यहां गुरुवार को 9,830 लोग संक्रमित पाए गए। 5,890 लोग ठीक हुए और 636 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 59.44 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 56.85 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.16 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.39 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
  2. छत्तीसगढ़
    राज्य में गुरुवार को 590 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 1,027 लोग ठीक हुए और 7 की मौत हो गई। अब तक 9.89 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.65 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,361 लोगों की मौत हो चुकी है। 10,682 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
  3. गुजरात
    राज्य में गुरुवार को 283 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 770 लोग ठीक हुए और 6 की मौत हो गई। यहां अब तक करीब 8.21 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.03 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,018 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 7,749 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
  4. उत्तर प्रदेश
    यहां गुरुवार को 275 लोग संक्रमित पाए गए। 685 लोग ठीक हुए और 67 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 17.03 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.75 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,030 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 6,019 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  5. राजस्थान
    यहां गुरुवार को 205 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 895 लोग ठीक हुए और 10 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 9.50 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.37 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,875 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 4,262 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  6. दिल्ली
    दिल्ली में गुरुवार को 158 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 343 लोग ठीक हुए और 10 की मौत हो गई। अब तक 14.31 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.04 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 24,886 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 2,554 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  7. मध्यप्रदेश
    यहां गुरुवार को 145 नए मामले सामने आए। 404 लोग ठीक हुए और 30 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 7.88 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.77 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,679 लोगों की मौत हो गई। 2,984 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website