शिवराज का पर्यटन स्थलों की मार्केटिंग पर जोर

शिवराज का पर्यटन स्थलों की मार्केटिंग पर जोर

होशंगाबाद : मध्य प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने की कोशिशें जारी हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पर्यटन की मार्केटिंग पर जोर दिया है।

मुख्यमंत्री चौहान ने पर्यटन स्थल पचमढ़ी में पर्यटन प्लान का अवलोकन करते हुए कहा है कि होशंगाबाद में पर्यटन की अनंत संभावनाएं मौजूद हैं। पचमढ़ी, तवा, सतपुड़ा आदि पर्यटन स्थल अद्भुत हैं। यहां की प्राकृतिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक समृद्धता से दुनिया को रूबरू कराएं। व्यापक स्तर पर इसकी मार्केटिंग की जाए, जिससे होशंगाबाद पर्यटन के क्षेत्र में विश्व पटल पर अपना नाम अंकित करा सके।

कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश अभियान के तहत जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए 52 सप्ताह 52 इवेंट्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि होशंगाबाद आने वाले सैलानियों के लिए दिन की गतिविधियों के साथ पर्यटन की सांध्य गतिविधियां भी आयोजित की जायें। पर्यटन की ²ष्टि से शाम का समय बहुत महत्वपूर्ण होता है। सांध्य गतिविधियां क्या-क्या हो सकती हैं, इसकी संभावनाएं तलाशें। बेहतर प्लानिंग कर पीपीपी मोड में इन गतिविधियों को प्रमोट करें। शाम के समय लोक नृत्य, लाइट एंड साउंड शो, आर्मी बैंड जैसी गतिविधियां प्लान की जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि चौरागढ़ मंदिर जाने के लिए केबल कार का प्रस्ताव भेजा जाए। केबल कार से धार्मिक पर्यटकों को एक अलग अनुभव प्राप्त होगा। पर्यटक यहां की पहाड़ियों, दुर्लभ वनस्पतियों आदि प्राकृतिक सुंदरता का लुफ्त उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि पचमढ़ी में गोल्फ खेल को बढ़ावा देने की भी अपार संभावना हैं, जो पर्यटकों को आकर्षित करेगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि होशंगाबाद ऐतिहासिक ²ष्टिकोण से भी समृद्धशाली है। मानव सभ्यता के इतिहास एवं उनकी विकास यात्रा, शैल चित्रकला आदि को प्रभावी ढंग से प्रचारित करें। ऐसे स्थानों की जानकारियों के डिस्प्ले बोर्ड भी लगाये जायें। उन्होंने कहा कि पचमढ़ी की जैव विविधता अद्वितीय है। यहां के वृक्ष प्राकृतिक सौन्दर्य के साथ अपना औषधीय महत्व भी रखते हैं।

नर्मदा नदी किनारे बसे शहरों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मां नर्मदा के किनारे स्थित होशंगाबाद प्रदेश का सबसे प्रमुख शहर हैं। यहां का सेठानी घाट धार्मिक आस्था का केंद्र बिंदु है। घाट पर प्रतिदिन मां नर्मदा की महाआरती की जानी प्रस्तावित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि होशंगाबाद को धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनाया जाए।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए 52 सप्ताह 52 इवेंट को जनवरी माह में ही व्यापक स्तर पर लॉन्च किया जाए। होशंगाबाद जिले में बड़े पैमाने पर टूरिज्म गतिविधियों को प्रमोट करने के लिए पर्यटन, संस्कृति एवं जनसंपर्क विभाग को भी शामिल किया जाए। इन गतिविधियों को मूर्त रूप देने के लिए असाधारण प्रयास हों, जिससे जिले में पर्यटन के माध्यम से रोजगार का सृजन भी हो सके।

मुख्यमंत्री चौहान ने अधिकारियों के साथ चंपल झील का अवलोकन कर यहां प्रस्तावित कैंपिंग गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कैंपिंग गतिविधि का साधारण वर्ग भी आनंद ले सकें। मुख्यमंत्री चौहान ने चंपक झील के गहरीकरण और सौंदर्यीकरण किए जाने के निर्देश दिए और कहा कि झील को स्वच्छता की मिसाल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website