पीलीभीत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। यह आपके वोट की ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पीलीभीत में भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद के पक्ष में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि आपके वोट से मजबूत सरकार बनी है। भाजपा सरकार ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत किसी से कम नहीं है। जब नीयत सही होती है, हौसले बुलंद होते हैं तो नतीजे भी सही मिलते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लोग विकसित भारत के संकल्प पर काम कर रहे हैं। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई आर्थिक ताकत बना है। हमारे चंद्रयान ने चांद पर तिरंगा फहराया। भारत में आयोजित जी-20 की पूरी दुनिया में प्रशंसा हुई है। सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत आज दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा कि कभी कांग्रेस सरकार दुनिया से मदद मांगती थीं, लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी।