हनुवंतिया में हादसा:पैराग्लाइडिंग के दौरान ऊंचाई से जमीन पर गिरी मशीन, दो कर्मचारियों की मौत

हनुवंतिया में हादसा:पैराग्लाइडिंग के दौरान ऊंचाई से जमीन पर गिरी मशीन, दो कर्मचारियों की मौत

खंडवा। जिले के पर्यटन स्थल हनुवंतिया में बुधवार को पैराग्लाइडिंग करवाने वाली पॉवर हैंग ग्लाइडर मशीन ऊंचाई से जमीन पर गिर गई। हादसे में इंवेंट कंपनी के दो कर्मचारियों की मौत हो गई। मामले में कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
इंदिरा सागर बांध के बैक वॉटर में विकसित हनुवंतिया में जल महोत्सव का आयोजन चल रहा है। इसके चलते देश-विदेश के पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। बुधवार को यहां पैराग्लाइडिंग करवाने वाली मशीन जमीन पर गिर गई। जिस स्थान से पावर हैंग ग्लाइडर को उड़ाया जा रहा था, उससे लगभग एक किलोमीटर दूर यह मशीन जमीन पर जा गिरी। इसकी चपेट में कर्मचारी गजपाल सिंह सुरेंद्र सिंह राजपूत पाली (राजस्थान) और भालचंद दांगी पिता राम प्रताप भगोरा निवासी राजगढ़ (मध्यप्रदेश) आ गए। दोनों कर्मचारियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार दोनों शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार को किया जाएगा।

इस कारण हुआ हादसा
हादसे की मुख्य वजह पैराग्लाइडिंग मशीन का लगातार चलाना बताया जा रहा है। बगैर आराम दिए उसे लगातार उड़ाया जा रहा था। डेढ़ मिनट तक हवा में उड़ाने का शुल्क 1600 रुपए लिया जाता है। कमाई के चक्कर मे कंपनी के कर्मचारियों की मौत हो गई। जल महोत्सव के दौरान सन सेट इंवेंट कंपनी के द्वारा पैराग्लाइडिंग करवाई जा रही थी।

दुर्घटना के संबंध में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
कलेक्टर अनय द्विवेदी ने दुर्घटना के संबंध में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। अपर कलेक्टर नंदा भलावे कुशरे ने बताया, एसडीएम पुनासा मामले की विस्तृत जांच करेंगे कि यह घटना किन परिस्थितियों में हुई। घटना से संबंधित तथ्य, साक्ष्य, जानकारी, फोटो या वीडियो किसी व्यक्ति के पास उपलब्ध हो, तो वो उसे एसडीएम पुनासा को तत्काल उपलब्ध करा सकते हैं, ताकि घटना की जांच में मदद मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website