भोपाल: बिलखिरिया के घोड़ा पछाड़ डेम में नहाने उतरे तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई थी। दो के शव गुरुवार रात में ही मिल गए थे। तीसरे दोस्त का शव आज सुबह बरामद किया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। दोपहर में तीनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया।
बाग सेवनिया गांव में गुरुवार रात से ही मातम पसरा हुआ है। गुरुवार दोपहर तीनों दोस्तों के शव पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। तीनों की शव यात्रा एक साथ निकाली गई और गांव के श्मशान घाट पर एक साथ ही अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों का कहना था कि ये कहीं भी साथ-साथ आते-जाते थे। आज हमें हमेशा के लिए छोड़कर भी साथ-साथ ही चले गए।
पिकनिक मनाने गए थे सात दोस्त
गोताखोरों की मदद से दो दोस्तों के शव बाहर रात को ही निकाल लिए गए थे। तीसरे दोस्त का शव आज सुबह मिल गया। शुक्रवार पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए। बिलखिरिया पुलिस के मुताबिक पिपलिया पेंदे खां, बाग सेवनिया निवासी संजय मेहर (26), नितिन नबरड़े (23) और अर्जुन मालवीय (20) अपने चार और दोस्तों दुर्गेश, शुभम, सुमित और अजय के साथ दोपहर करीब 4 बजे घोड़ा पछाड़ डेम पिकनिक मनाने आए थे।