नागपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को दिल्ली में अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर की फिल्म सम्राट पृथ्वीराज देखी। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसकी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा- यह तथ्यों पर आधारित फिल्म है। ये जो संदेश देती है, उसकी आज देश को जरूरत है। अब तक हम दूसरों का लिखा हुआ इतिहास पढ़ते आए थे। अब हम भारतीय नजरिये से अपने इतिहास की तरफ देख रहे हैं।
भागवत ने कहा- पृथ्वीराज चौहान, मोहम्मद गोरी, मत चूको चौहान यह सब हम पहले भी पढ़ चुके हैं, लेकिन ये सब किसी और ने लिखा था। भारत की भाषा में भारत में लिखा हुआ, जो चित्रित किया गया है, वो आज हमने पहली बार हम देख रहे हैं।
भागवत ने कहा कि हमारे इतिहास को हम अपनी नजर से अपने हृदय से समझ रहे हैं। इसे समझने का मौका देशवासियों को मिलेगा तो निश्चित ही इसका परिणाम देश के भविष्य के लिए अच्छा होगा। भारतवासी सब एक होकर भारत के सम्मान की रक्षा करने में उस प्रकार से पराक्रमी होंगे, जिस प्रकार से पराक्रमी लोगों को इस फिल्म में दिखाया गया है।