लखीमपुर खीरी: श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुईं प्रियंका गांधी, संयुक्त किसान मोर्चा की दो टूक- मंच नहीं करेंगे साझा

लखीमपुर खीरी: श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुईं प्रियंका गांधी, संयुक्त किसान मोर्चा की दो टूक- मंच नहीं करेंगे साझा

लखीमपुर खीरी: लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुए बवाल के दौरान मारे गए किसानों की आत्मा की शांति के लिए अंतिम अरदास (श्रद्धांजलि सभा) कार्यक्रम जारी है। श्रद्धांजलि सभा के लिए करीब 30 एकड़ इलाके में इंतजाम किए गए हैं। यह कार्यक्रम स्थल घटनास्थल से एक किलोमीटर की दूरी पर है।

प्रियंका गांधी को मंच पर जगह नहीं मिली
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा नीचे से बैठकर किसानों को सुनती नजर आईं। प्रियंका गांधी को मंच पर जगह नहीं मिली। 

जयंत चौधरी को भी मंच पर नहीं दी गई जगह
राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी तिकुनिया पहुंचेे। जयंत किसानों की आत्मा की शांति के लिए अंतिम अरदास कार्यक्रम में शामिल हुए।जयंत चौधरी को भी मंच पर जगह नहीं दी गई। 

संयुक्त किसान मोर्चा की दो टूक
तिकुनिया में संयुक्त किसान मोर्चा ने मंच से कहा कि हम प्रियंका गांधी, दीपेंद्र हुड्डा का स्वागत करते हैं। मगर हम लोगों का यह निर्णय है कि किसान संयुक्त मोर्चा का मंच किसी राजनैतिक व्यक्ति से साझा नहीं किया जाएगा।

प्रियंका गांधी अंतिम अरदास कार्यक्रम में शामिल
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लखीमपुर खीरी के तिकुनिया पहुंच गई हैं। प्रियंका गांधी किसानों की आत्मा की शांति के लिए अंतिम अरदास कार्यक्रम में शामिल हो गई हैं। प्रियंका गांधी के साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू भी हैं।

अंतिम अरदास में शामिल हुए राकेश टिकैत
किसान नेता राकेश टिकैत तिकुनिया में चल रही किसानों की अंतिम अरदास में शामिल होने पहुंच गए हैं।

किसानों को जगह-जगह रोक रहा प्रशासन
उधर, लखीमपुर आने वाले किसानों को जगह-जगह रोका जा रहा है। इसको लेकर किसान आक्रोशित हो रहे हैं। मंच से बार-बार अनाउंस किया जा रहा है कि प्रशासन उन्हें परेशान न करे।

जयंत चौधरी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया
वहीं, राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी को बरेली एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि कुछ देर बाद उन्हें बाद में छोड़ दिया गया। इस बाद वह लखीमपुर खीरी रवाना हो गए। 

प्रियंका लखीमपुर के लिए रवाना
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज लखीमपुर खीरी जाएंगी, प्रियंका गांधी 3 अक्तूबर को हिंसा में मारे गए किसानों की आत्मा की शांति के लिए अंतिम अरदास कार्यक्रम में शामिल होंगी। प्रियंका गांधी लखनऊ एयरपोर्ट से लखीमपुर के लिए रवाना हो चुकी हैं। एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत सभी वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website