मध्यप्रदेश: गृहमंत्री बोले- सलमान खुर्शीद की विवादित किताब प्रदेश में बैन होगी, कानून विशेषज्ञों से राय लेंगे

मध्यप्रदेश: गृहमंत्री बोले- सलमान खुर्शीद की विवादित किताब प्रदेश में बैन होगी, कानून विशेषज्ञों से राय लेंगे

भोपाल। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को कहा कि सलमान खुर्शीद की किताब राज्य में बैन की जाएगी। कांग्रेस देश को खंडित करने की बात करती है और सलमान खुर्शीद ने अपनी किताब सनराइज ओवर अयोध्या में उसी विचार को आगे बढ़ाया है। हम इस किताब को मध्यप्रदेश में बैन करने को लेकर कानून विशेषज्ञों से राय लेंगे।  

गृहमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सलमान खुर्शीद ने बहुत निंदनीय पुस्तक छाप दी है। हिंदुत्व को खंडित करने का, हिंदू को जाति में बांटने का, कोई अवसर ये लोग नहीं छोड़ते। भारत देश को खंडित करने का कोई अवसर नहीं छोड़ते। भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशा अल्लाह कहने वाले के पास सबसे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी गए थे। ये वही विचार है, जिसे सलमान खुर्शीद आगे बढ़ा रहे हैं। महान भारत नहीं बदनाम भारत है, जो कमलनाथ जी ने कहा था, ये उसी का हिस्सा है। कैसे भी देश जातियों में बंट जाए। हिंदुत्व के टुकड़े हों और इसी वजह से हमारी आस्था पर प्रहार करने का कभी कोई अवसर नहीं छोड़ा। जिस हिंदुत्व के बारे में सुप्रीम कोर्ट कह चुका है कि हिंदुत्व एक जीवनपद्धति है। उस हिंदुत्व पर भी उन्होंने सवाल उठा दिए। अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी इसे स्पष्ट करें कि वो किसके साथ हैं। मैं मध्यप्रदेश के कानून विशेषज्ञों से राय-शुमारी करूंगा। मध्यप्रदेश में इस किताब को बैन करेंगे। 

भाजपा कर रही है किताब का विरोध
खुर्शीद की किताब में हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठन आईएसआईएस और बोको हराम से की गई है। इसी को लेकर भाजपा समेत तमाम हिंदुवादी संगठन इस किताब का विरोध कर रहे हैं। भाजपा ने कहा है कि खुर्शीद की किताब हिंदुत्व का अपमान है। इससे भारत की आस्था को ठेस पहुंची है। भाजपा ने अपने आधिकारिक हैंडल पर इस बारे में ट्वीट कर लिखा ‘कांग्रेस पार्टी एक मकड़ी की तरह हिंदुओं के खिलाफ नफरत का जाल बुन रही है और इस पार्टी की सरकारें आजादी के बाद 55 साल देश में रहीं लेकिन उसने केवल सांप्रदायिक राजनीति की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website