कोरोना की तीसरी लहर: नौ राज्यों में बढ़ रहे मामले, लेकिन देशभर में एक्टिव केस कम

कोरोना की तीसरी लहर: नौ राज्यों में बढ़ रहे मामले, लेकिन देशभर में एक्टिव केस कम

नई दिल्ली। त्योहारों के दिन नजदीक आते ही देश में एक बार फिर से कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है। 24 हजार 354 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 25 हजार 460 लोग ठीक हुए और 233 की मौत हो गई। अब तक 3.37 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 3.30 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4.48 लाख मरीजों की जान जा चुकी है। 2.66 लाख मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
 
मिजोरम में मरीजों के मिलने की रफ्तार सबसे ज्यादा
आंकड़ों पर नजर डालें तो देश की सबसे कम आबादी वाले राज्यों में गिने जाने वाले मिजोरम में इस समय कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार सबसे ज्यादा है। यहां टेस्ट पॉजिटिविटी रेट देश में सबसे ज्यादा 17.93% है। टेस्ट पॉजिटिविटी रेट यानी जितने लोगों का कोरोना टेस्ट हो रहा है, उनमें ज्यादातर संक्रमित पाए जा रहे हैं। मिजोरम की कुल आबादी करीब 12 लाख है। यहां हर रोज सात हजार लोगों की जांच हो रही है और इनमें 1000 से 1200 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। मिजोरम में अब तक 94 हजार 830 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 14 हजार 736 एक्टिव केस हैं। मतलब इन मरीजों का इलाज चल रहा है। 79 हजार 781 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 313 की मौत हो चुकी है।

30% नए संक्रमित 18 साल से कम उम्र के
नेशनल हेल्थ मिशन मिजोरम के निदेशक इरिक जोमवाइया कहते हैं, ‘मिजोरम में पिछले कुछ दिनों में सामने आए नए मरीजों में 30% की उम्र 18 साल से कम है। बच्चों को अभी वैक्सीन नहीं लगी है और लोगों ने कोरोना के नियमों से खिलवाड़ करना शुरू कर दिया है।’ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अगस्त और सितंबर में यहां मिले कोरोना मरीजों में करीब 16% की उम्र 0-10 साल है। ये देश के कुल संक्रमित बच्चों के राष्ट्रीय औसत से भी दोगुना है। इनमें से काफी मामले स्कूल और अनाथालय से सामने आए हैं।

केरल में सबसे ज्यादा मामले बढ़ रहे और मौतें हो रहीं  
 देश में मिजोरम के बाद केरल में सबसे ज्यादा केस पॉजिटिविटी रेट है। यहां 14% की रफ्तार से कोरोना मरीज मिल रहे हैं। हालांकि, हर रोज संक्रमितों के बढ़ने के मामले में केरल टॉप पर है। यहां शुक्रवार को देश में सबसे ज्यादा 13 हजार 767 लोग संक्रमित पाए गए। सबसे ज्यादा कोरोना मरीजों की मौत केरल में ही हो रही है। यहां शुक्रवार को 95 लोगों की जान गई। अब तक 25 हजार 182 लोग दम तोड़ चुके हैं। 3.5 करोड़ की आबादी वाले केरल में अब तक 46.94 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1.42 लाख मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। 45 लाख लोग ठीक हो चुके हैं।

एम्स निदेशक ने भी दी है चेतावनी
एम्स नई दिल्ली के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने भी हाल ही में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगले 6-8 हफ्ते देश के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं। फेस्टिव सीजन में अगर सावधानी हटी तो तेजी से संक्रमितों की संख्या में इजाफा होगा। अगर इस दौरान सभी ने सावधानी रखी और कोरोना के नियमों का पालन किया तो इसके बाद केस तेजी से घटने लगेंगे।

इन नौ राज्यों में केस घटने की बजाय बढ़ रहे
               
राज्य कितने फीसदी केस बढ़े
मिजोरम 25.1%
हरियाणा 19%
गुजरात 16.9%
झारखंड 14.3%
गोवा 7.3%
हिमाचल प्रदेश 3.5%
मध्य प्रदेश 2.9%
तमिलनाडु  0.9%
पश्चिम बंगाल 0.3%

टॉप-5 राज्य, जहां सबसे ज्यादा एक्टिव केस
               
राज्य  एक्टिव केस अब तक हुईं मौतें
केरल 1.42 लाख 25,182
महाराष्ट्र     36 हजार  1.39 लाख
तमिलनाडु 17 हजार 35 हजार
मिजोरम 14,736 313
कर्नाटक 12,469         37,807

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website