उपचुनाव के वोटों की गिनती: MP की जोबट सीट पर BJP को मिली जीत, राजस्थान में दोनों सीटें कांग्रेस के नाम

उपचुनाव के वोटों की गिनती: MP की जोबट सीट पर BJP को मिली जीत, राजस्थान में दोनों सीटें कांग्रेस के नाम

भोपाल/जयपुर। देश में 3 लोकसभा और 13 राज्यों की 29 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश की जोबट विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुलोचना रावत 6 हजार वोटों से जीत गई हैं। राजस्थान में कांग्रेस ने धारियावद और वल्लभनगर विधानसभा सीटें अपने नाम कर ली हैं। पश्चिम बंगाल में चारों विधानसभा सीट पर TMC ने जीत हासिल कर ली है, जिसने ममता बनर्जी के कद को और बढ़ा दिया है।

मंडी संसदीय सीट पर कांग्रेस कैंडिडेट प्रतिभा सिंह ने BJP उम्मीदवार रिटायर्ड ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को 8766 वोट से हरा दिया है। हिमाचल में तीनों विधानसभा सीटों पर भी कांग्रेस ने ही जीत हासिल कर ली है। वहीं, बिहार के तारापुर में JDU से ताज छिनता दिख रहा है। यहां 9वें राउंड तक की काउंटिंग में RJD कैंडिडेट अरुण कुमार साह 2684 वोट से आगे हो गए हैं। हरियाणा में इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला के बेटे अभय चौटाला ने ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर लगातार चौथी बार जीत हासिल कर ली है।

इनके अलावा, राजस्थान में BJP के गढ़ धरियावद में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। यहां अपने ही गढ़ में BJP तीसरे नंबर पर रही है। इधर, मध्य प्रदेश में खंडवा लोकसभा सीट पर BJP को बड़ी बढ़त मिल गई है। काउंटिंग के आंकड़े देखें, तो पृथ्वीपुर और जोबट सीटें BJP ने कांग्रेस से छीन ली हैं। वहीं, BJP की सीट रही रैगांव पर कांग्रेस ने बढ़त बना ली है। इस तरह एमपी में BJP को एक सीट का फायदा होता दिखाई दे रहा है। कर्नाटक में एक सीट BJP और एक सीट कांग्रेस के नाम रही है।

  • मिजोरम में इकलौती सीट मिजो नेशनल फ्रंट की : मिजोरम के अधिकतर दलों के मिजो नेशनल फ्रंट ने तय उम्मीद के मुताबिक इकलौती सीट पर हो रहे उपचुनाव में जीत हासिल कर ली है।
  • पश्चिम बंगाल में विजय वर्गीय ने बताया ‘नेक्सस’ हावी : पश्चिम बंगाल उपचुनाव में TMC की चारों सीट पर जीत को BJP नेता कैलाश विजय​वर्गीय ने ‘नेक्सस’ की जीत बताया है। उन्होंने कहा, जहां चुनाव होते हैं, वहां हम हार-जीत की बात करते हैं। लेकिन जहां पुलिस, गुंडे और राजनीतिक दल का नेक्सस एक साथ काम करता हो वहां चुनाव नहीं होते, वहां चुनाव नहीं होते बल्कि पोलिंग बूथ पर कब्जा होता है।
  • तेजप्रताप यादव बोले- पार्टी छोड़ें RJD प्रदेश अध्यक्ष : बिहार में कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर RJD की हार के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह पर हमला बोला। उन्होंने इस हार का जिम्मेदार जगदानन्द, सुनील सिंह और संजय यादव को बताते हुए उन्हें पार्टी छोड़ने को कहा।
  • राजस्थान में कांग्रेस ने दोनों सीट जीतीं: राजस्थान में BJP के गढ़ धरियावद में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। यहां अपने ही गढ़ में BJP तीसरे नंबर पर रही है। वल्लभनगर में भी कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
  • बंगाल में TMC ने चारों सीट जीतीं: पश्चिम बंगाल में TMC ने चारों विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीत लिया है। यहां गोसाबा, दिनहाटा, शांतिपुर और खड़दह सीट पर उपचुनाव हुआ था।
  • हरियाणा में ऐलनाबाद सीट इनेलो के नाम : हरियाणा की ऐलनाबाद सीट पर इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला के बेटे अभय चौटाला ने कांग्रेस उम्मीदवार पवन बेनीवाल और भाजपा-जेपी उम्मीदवार गोविंद कांडा को हरा दिया है। यह सीट अभय के ही इस्तीफा देने से खाली हुई थी।
  • मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस जीती : हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस की प्रतिभा सिंह ने BJP के रिटायर्ड ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को 8766 वोट से हरा दिया है। पहले यह सीट BJP के पास थी।
  • हिमाचल में कांग्रेस ने तीन सीट जीती : हिमाचल प्रदेश की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में भी कांग्रेस ने ही BJP को हराकर जीत हासिल कर ली है।
  • असम में BJP ने दो सीटें जीतीं: असम की थौरा विधानसभा सीट BJP ने जीत ली है। बाकी 4 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग अभी जारी है, जिसमें BJP जीत की तरफ बढ़ रही है। असम में 4 बार विधायक रह चुके रूपज्योति कुर्मी ने मरियानी सीट जीत ली है। वे इसी साल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। कुर्मी को 55338 वोट, जबकि कांग्रेस के लोहित कौर को 15, 322 वोट मिले।
  • कर्नाटक में BJP और कांग्रेस ने 1-1 सीट जीती: कर्नाटक की सिंदगी विधानसभा सीट पर BJP ने जीत दर्ज की है, जबकि हंगल सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिली है। यहां BJP दूसरे नंबर पर रही है।
  • जीत के बाद जुलूस पर पाबंदी: चुनाव आयोग ने कहा है कि किसी भी कैंडिडेट को जुलूस निकालने की इजाजत नहीं दी गई है। रिटर्निंग अधिकारी से सर्टिफिकेट लेने के लिए भी जीतने वाले कैंडिडेट या उनके प्रतिनिधि के साथ दो से ज्यादा लोग नहीं जा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website