अलीगढ़ के लिए निकला कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर, CM योगी भी साथ, अखिलेश ने कहा- कुशल प्रशासक के तौर पर उन्हें हमेशा याद रखेंगे

अलीगढ़ के लिए निकला कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर, CM योगी भी साथ, अखिलेश ने कहा- कुशल प्रशासक के तौर पर उन्हें हमेशा याद रखेंगे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (बाबू जी) नहीं रहे। शनिवार रात 9 बजे उन्होंने 89 साल की उम्र में लखनऊ के SGPGI में आखिरी सांस ली। कल्याण सिंह 48 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। पूर्व सीएम के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए पहले उनके आवास, फिर विधानमंडल और अंत में BJP कार्यालय में रखा गया था। अब एयर एंबुलेंस से अलीगढ़ ले जाया जा रहा है। कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के साथ खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हैं।

इस बीच, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बयान जारी कर पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि अर्पित की। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में उनका विशिष्ट स्थान था। कुशल प्रशासक के तौर पर उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से राजनीति में रिक्तता आएगी।

पीएम मोदी, जेपी नड्‌डा, राजनाथ सिंह और मायावती ने दी श्रद्धांजलि
सुबह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने लखनऊ में पूर्व सीएम को उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। नड्‌डा ने प्रधानमंत्री के सामने ही कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर भाजपा का झंडा भी रखा। कल्याण सिंह की ये आखिरी इच्छा थी कि उनके निधन के बाद उनके शव को BJP के झंडे में लिपटाया जाए। उधर, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन किया। सुबह बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती भी कल्याण सिंह के आवास पर पहुंची और उनके पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन किया। मायावती ने यहां पूर्व सीएम के पौत्र से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी पूर्व सीएम के आवास पर मौजूद हैं।

कल्याण ने अपने नाम को सार्थक किया-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने अंतिम दर्शन के बाद मीडिया को संबोधित किया। बोले, ‘हम सब के लिए ये शोक की घड़ी है। कल्याण सिंह जी के माता-पिता ने उनका नाम कल्याण सिंह रखा था। उन्होंने अपने माता-पिता के दिए नाम को सार्थक किया। वो जीवन भर जनकल्याण के लिए जिए। जनकल्याण को ही अपना मन बनाया। उन्होंने अपना जीवन भारतीय जनता पार्टी, भारतीय जनसंघ और देश के लिए समर्पित कर दिया। कल्याण सिंह भारत के कोने-कोने में एक विश्वास का नाम बन गए थे।’ प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘ कल्याण सिंह एक प्रतिबद्ध निर्णयकर्ता का नाम बन चुके थे। जीवन का अधिकतम समय उन्होंने जन कल्याण के लिए लगाया। उनको जब भी जो दायित्व मिला। उसे उन्होंने बखूबी निभाया। सरकार, संगठन जो भी दायित्व मिला उसे उन्होंने पूरा किया। देश ने एक मूल्यवान शख्सियत खोया है। मैं भगवान प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके परिवार और समर्थकों को ये दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’

आज ही गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती, भाजपा नेता विनय कटियार, जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा, राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्रा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी पूर्व सीएम कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए आज लखनऊ आ सकते हैं। इस बीच, चर्चा ये भी है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि देने के लिए आ सकते हैं। हालांकि, अभी उनके कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website