दक्षिण अफ्रीका में आज (29 मई) आम चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इसके साथ ही देश के सभी 9 राज्यों में भी चुनाव जारी हैं। इस बार के चुनाव को अहम माना जा रहा है, क्योंकि 30 सालों में पहली बार ऐसा लग रहा है कि मंडेला की बनाई अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस (ANC) पार्टी बहुमत हासिल करने से चूक सकती है।
दक्षिण अफ्रीका की संसद में 400 सीटें हैं। किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए 201 सीटों की जरूरत होगी। अगर सरकार चला रही ANC को चुनाव के बाद बहुमत नहीं मिल पाता है तो राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा को दूसरे सहयोगी दलों का समर्थन हासिल करना होगा। ऐसी स्थिति में पहली बार देश में गठबंधन की सरकार बन सकती है।
दक्षिण अफ्रीका में इस बार सबसे अधिक 70 पार्टियां मैदान में हैं। 2.78 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे। बुधवार को सुबह 7 बजे 23,292 पोलिंग स्टेशनों पर वोटिंग शुरू होने के बाद ये रात 9 बजे तक चलेगी। वोटिंग समाप्त होने के कुछ घंटों बाद चुनाव परिणाम आ जाएंगे।