चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सोमवार को रूस के दौरे पर आने वाले हैं। जहां वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे। शी जिनपिंग ने रूस दौरे पर आने से पहले कहा कि उनकी शांति योजना से यूक्रेन युद्ध का अंत होगा और इससे सभी पक्षों की चिंताओं का भी समाधान होगा। उनकी शांति योजना से अंतरराष्ट्रीय बिरादरी के बीच एक साझा समझ बनाने में भी मदद मिलेगी। शी जिनपिंग का एक लेख रूस के अखबार रशियन गजेट में छपा है। इसी लेख में शी जिनपिंग ने उक्त बात लिखी है। जिनपिंग ने लिखा कि 10 साल पहले जब वह चीन के राष्ट्रपति बने थे तो जिस देश का उन्होंने सबसे पहले दौरा किया था, वो रूस ही था। बीते दस सालों में शी जिनपिंग 10 सालों में आठ बार मॉस्को की यात्रा कर चुके हैं। साथ ही पुतिन और जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय और बहुपक्षीय वार्ताओं के जरिए कुल 40 बार मुलाकात हुई है। लेख में जिनपिंग ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर जोर दिया ताकि किसी देश के एकाधिकार, दबदबे को खत्म किया जा सके। शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन के बीच मंगलवार को मुलाकात होगी।
