MP by Election Result: तुलसी सिलावट को 18341 मताें की बढ़त, भाजपा कार्यालय पर जश्न की तैयारी

MP by Election Result: तुलसी सिलावट को 18341 मताें की बढ़त, भाजपा कार्यालय पर जश्न की तैयारी

इंदौर। मध्य प्रदेश में इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के दसवें दौर के बाद भाजपा के तुलसी सिलावट मजबूती से जीत की ओर बढ़ते दिख रहे हैं। सिलावट अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के प्रेमचंद गुड्‍डु से 18 हजार से ज्यादा मताें की बढ़त बना ली है और 18341 वाेटाें से आगे चल रहे हैं।

दसवें दौर में कुल 84182 मताें में से सिलावट के कुल वोटों की संख्या 50 हजार के पार पहुंच गई है। उनके कुल वोट 50071 हैं जबकि प्रेमचंद गुड्‍डू को 31730 वोट मिले। नोटा के वोटों की संख्या 687 हैं। नौवें दौर के बाद तुलसी सिलावट काे 45001 मत मिले हैं, वहीं प्रेमचंद गुड्‍डू काे 28477 वोट मिले हैं। नाेटा के कुल वोट 607 हैं। आठवें चरण के बाद सिलावट की बढ़त 13974 मताें की थी।

एक जैसी शिकायतें नहीं सुनी जाएंगी
जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि अब एक जैसी शिकायतों को नहीं सुना जाएगा। मनीष सिंह ने कहा कि छह बजे के बाद ही आएगा सांवेर का परिणाम।

सातवें चरण के वोटों की गिनती में भाजपा उम्मीदवार तुलसी सिलावट को 34589 वोट प्राप्त हुए, जबकि प्रेमचंद गुड्डू को 21873 वोट मिले। भाजपा ने सातवें राउंड में 12716 वोटों की बढ़त बनाई है। अभी 21 चरणों की गिनती होना बाकी है। छठे राउंड में भाजपा ने 1847 मतों की बढ़त हासिल की है। तुलसीराम सिलावट में छठे राउंड के बाद 29827 वोटों जबकि प्रेमचंद गुड्‍डू काे 18426 मत मिले हैं। 385 लोगों ने नाेटा को चुना है।

पांचवें चरण के वोटों की गिनती में भाजपा उम्मीदवार तुलसी सिलावट को 24729 वोट मिले, जबकि प्रेमचंद गुड्डू को 15175 वोट मिले। भाजपा ने पांचवे राउंड में 9554 वोटों की बढ़त बनाई है। 2003 में सांवेर की सबसे बड़ी जीत प्रकाश सोनकर 19500 वोटों के अंतर से चुनाव जीते थे। चौथे दौर के बाद भाजपा काे 20151 मत मिले है, वहीं कांग्रेस को 11913 मत मिले हैं। वहीं लाेगों नाेटा को 252 वाेट मिले हैं।

ईवीएम काे लेकर आठवें दौर तक आठ आपत्तियां
सांवेर विधानसभा में आठ राउंड की मतगणना तक आठ आपत्तियां आ चुकी थीं। ईवीएम पर टैग न होने की शिकायत, कुछ मशीनों पर बिना वजह अतिरिक्त टैग लगा होने से गफलत। इन आपत्तियों का निराकरण कर दिया गया। हर आपत्ति के निराकरण में कम से कम 10 मिनट खर्च हो रहे थे, इसलिए गिनती में हो रही देरी।

भाजपा कार्यालय पर जीत के जश्न की तैयारी
भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट की सातवें राउंड की बढ़त के बाद भाजपा कार्यालय पर जीत के जश्न की तैयारी शुरू हो चुकी है। कार्यकर्ता अलग-अलग समूह में आकर बीजेपी कार्यालय पर इकट्ठा हो रहे है। ढोलक और पोस्टर थामे ये कार्यकर्ता भाजपा की जीत का जश्न मनाते नज़र आये। वोट की बढ़त के साथ ही यहां पटाखे फोड़े गए। भाजपा कार्यालय पर लगभग दो हजार से ज्यादा कार्यकर्ता इकट्ठा हो चुके हैं। प्रत्यक्ष सिलावट के साथ में चुनाव प्रभारी मेंदोला के समर्थन में भी नारे लगाए जाए। कई कार्यकर्ता पूरी जीत का श्रेय मेंदोला को दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का भी कार्यालय पर आना शुरू हो चुका हैं।

तीसरे दौर के बाद तुलसी सिलावट को 15810 वोट मिले हैं जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्‍डु को 8784 मत मिले हैं। वहीं नोटा के वोट 195 हैं। दूसरे राउंड में भाजपा उम्मीदवार तुलसी सिलावट को 11307 मिले, जबकि प्रेम चंद गुड्डू को 5639 वोट मिले। भाजपा ने दूसरे राउंड में 5668 वोटों की बढ़त बनाई है। नोटा को कुल 131 लोगों ने वोट दिए। अभी 26 चरणों की गिनती शेष है। पहले चरण की वोटिंग गिनती में भाजपा के सिलावट को 5426 जबकि प्रेमचंद गुडू को 3013 वोट मिले। नोटा को 46 वोट मिले।

बीजेपी कार्यालय के बाहर भी भीड़ उमड़ी
मंगलवार को जैसे-जैसे मतगणना के दौर आगे बढ़ने लगे, नेहरू स्टेडियम में कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों के समर्थन में कार्यकर्ता इकट्ठा होने लगे। इनमें तुलसी सिलावट के समर्थकों की संख्या सबसे ज्यादा थी। जैसे-जैसे परिणाम आते गए वैसे-वैसे तुलसी समर्थकों ने नारेबाजी को करते रहे। स्टेडियम के बाहर जय जय सियाराम और भारत माता की जय के नारे लगने शुरू हाे गए। तीसरे दौर के बाद से ही तुलसी सिलावट के समर्थकाें ने आतिशबाजी शुरू कर दी थी। वहीं कांग्रेस के समर्थकाें की भीड़ कम हाेना शुरू हाे गई थी।

मतगणना की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश
सांवेर विधानसभा क्षेत्र में मतों की गिनती की धीमी रफ्तार से स्टेडियम में मौजूद रिटर्निंग अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्हाेंने सभी मतगणना दलाें काे गति बढ़ाने के निर्देश दिए है।

गुड्‍डू भी बेटियों के साथ मौजूद
मतगणना स्थल पर सबसे ज्यादा सक्रिय हैं भाजपा उम्मीदवार तुलसी सिलावट, उनके छोटे पुत्र बंकिम सिलावट। कांग्रेस उम्मीदवार प्रेमचंद गुड्डू की तरफ से उनकी दो बेटियां रश्मि बौरासी और रीना मतगणना स्थल के दो हॉल में निगरानी रख रही हैं। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा ने सिलावट के प्रचार में तो प्रमुख भूमिका निभाई ही, मतगणना स्थल पर भी लगातार सिलावट के साथ बने हुए हैं।

साेनकर रख रहे निगरानी
वर्ष 2018 के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार तुलसी सिलावट से हारने वाले भाजपा नेता राजेश सोनकर इस बार सिलावट के भाजपा में आने पर उन्हें जिताने के लिए मतगणना स्थल पर निगरानी रखे हुए हैं। हर राउंड में वोटों का हिसाब लगा रहे हैं।

सिलावट स्टेडियम पहुंचे
सांवेर से भाजपा प्र‍त्या‍शी तुलसी सिलावट मतगणना के शुरू हाेने के बाद सुबह 9 बजे मतगणना स्थल नेहरू स्टेडियम पर पहुंचे।इंदौर जिले की सांवेर विधानसभा में मतगणना के 28 राउंड होंगे। नेहरू स्टेडियम में सबसे पहले डाक मतों की गिनती हाे रही है। मंगलवार सुबह 9 से साढ़े 9 बजे तक पहले राउंड के परिणाम आने की उम्मीद की जा रही है। वहीं दाेपहर एक बजे तक परिणाम के आने की उम्मीद की जा रही है।स्ट्रांग रूम खोलकर डाक मतपत्रों को मतगणना कर्मी टेबल पर रख रहे हैं। उन्हें जमाया जा रहा है। सुबह भारी सुरक्षा के बीच सांवेर ट्रेजरी से इंदौर लाई गई डाक मतपत्र की पेटी राजनीतिक दलों के नेता भी स्टेडियम में आ चुके है।

रिकॉर्ड मताें से जीतेंगे : रणदिवे
भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कहा कि इस बार सांवेर में रिकॉर्ड मतों से बीजेपी जीत दर्ज कराएगी। स्टेडियम के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आ रहा है। वे हाथों में भाजपा का झंडा लेकर नारेबाजी करते हुए स्टेडियम के गेट के पास आ गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया।

अलग-अलग मतदान दलों को दो हॉल में बैठा कर ईवीएम दी जा रही है। सभी उम्मीदवारों के मतदान अभिकर्ता भी पहुंचे। स्ट्रांग रूम से ईवीएम निकालकर मतगणना कक्ष तक ले जा रहे हैं कर्मचारी। कुछ ही देर में डाक मतपत्रों की गिनती का काम अब से कुछ ही देर में शुरू हाेगा।

निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक और विभिन्न प्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खोला गया। मतगणना का कार्य शांति और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और गरिमा के अनुरूप आरंभ। गिनती के लिए लगे कर्मचारियों ने मैदान संभाल लिया है। सुबह 7.30 बजे नेहरू स्टेडियम स्थित स्ट्रांग रूम का ताला खाेला गया।

सुबह 5 बजे रेंडमाइजेशन कर मतगणना दलों को टेबल आवंटित की गई। परिसर में मोबाइल, तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, माचिस और लाइटर आदि पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। स्टेडियम के दो हॉल में मतगणना की जाएगी। ईवीएम की मतगणना के लिए हर हॉल में सात-सात टेबलें रहेंगी। प्रत्येक पर एक सुपरवाइजर, एक गणना सहायक और एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेगा। इस तरह एक टेबल पर तीन-तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कुल 14 टेबलों पर 42 मतगणना कर्मचारी रहेंगे। डाक मतपत्रों की गिनती के लिए अलग से चार टेबल लगाई गई है। हर टेबल पर एक सुपरवाइजर, दो गणना सहायक और एक ऑब्जर्वर हाेगा।

मतगणना के लिए फुरटेडो प्रेक्षक नियुक्त
भारत निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए विनेंसियो फुरटेडो को मतगणना प्रेक्षक नियुक्त किया है। वे 8 नवंबर से इंदौर आ चुके हैं। उनका कार्यालय रेसीडेंसी कोठी में बनाया गया है। कलेक्टर मनीष सिंह और प्रेक्षक फुरटेडो ने सोमवार को स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मतगणना के मैन्युअल सारणीकरण का कंप्यूटर डाटा चेक करने के लिए संयुक्त संचालक योजना जेपी परिहार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी तरह केंद्रीय सारणीकरण की जिम्मेदारी सूचना विज्ञान अधिकारी सुनीता जैन को दी गई है। अपर कलेक्टर पवन जैन को समन्वय अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website