सीहोर : कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान एक युवक ने फिनाइल पीकर जान देने की कोशिश की। वह मछली पालन के लिए लोन नहीं मिलने से नाराज था। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जनसुनवाई के लिए आया विष्णु चौहान (40) लोन न मिलने से नाराज था। उसने मछली पालन के लिए रेहटी के ग्रामीण बैंक में लोन का आवेदन लगाया था। हर बार लोन अस्वीकार हो रहा था। इस बात की शिकायत करने वह कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई पहुंचा था। उसने अपनी शिकायत दर्ज कराई और उसके बाद भी जब लगा कि जवाब संतोषजनक नहीं है तो उसने फिनाइल पी लिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वह फिलहाल स्वस्थ बताया जा रहा है।