यमुनोत्री: उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री धाम में हालात रविवार सुबह भी बिगड़े रहे। एक साथ 9 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचने से समुद्र तल से 10,797 फीट ऊपर जानकी चट्टी से यमुनोत्री मंदिर तक का 5-6 फीट चौड़ा और 4 किमी लंबा रास्ता बेहिसाब भीड़ में जाम हो गया।
यात्रा एक दिन स्थगित करने की भी योजना बनी, लेकिन प्लान बदलना पड़ा। इसके बाद श्रद्धालुओं को 45 किमी दूर बरकोट से आगे नहीं बढ़ने दिया गया। फिर जानकी चट्टी आने से पहले डामटा धरासू में भी श्रद्धालु रोके गए। इससे 15 किमी लंबा जाम लग गया।
जाम में फंसी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बिस्किट, नमकीन खाकर 7 घंटे गुजारे। बाद में तीर्थयात्रियों को बर्नीगाड़ से कुथनौर, पालीगाड़ होते हुए जानकी चट्टी भेजा गया। इससे जानकी चट्टी के लिए दो रास्ते खुले।
शाम करीब 5 बजे जब यमुनोत्री मंदिर से जानकी चट्टी तक रास्ता साफ हुआ, उसके बाद यात्रियों को आगे बढ़ाया गया। आखिर में पुलिस ने लोगों से अपील करनी पड़ी कि वे यमुनोत्री न आएं।