31 साल के हुए तेजस्वी यादव, बहनोई ने कहा- बनेंगे बिहार के सबसे युवा CM

31 साल के हुए तेजस्वी यादव, बहनोई ने कहा- बनेंगे बिहार के सबसे युवा CM

पटना। राजद नेता तेजस्वी यादव आज 31 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने ट्वीट कर बधाई दी है। जन्मदिन पर उनके बहनोई और मैनपुरी के पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव ने कहा कि जन्मदिवस की बहुत बहुत शुभकामनाएं। ऐसी उम्मीद है कि वो इस देश के सबसे युवा मुख्यमंत्री के रूप में ताजपोशी करेंगे। मंगलवार को नतीजे आएंगे पूरा बिहार ही नहीं पूरे देश की निगाह बिहार पर रहेगी। उम्मीद है कि वो बिहार के सबसे युवा मुख्यमंत्री बनेंगे।

राहुल गांधी ने बिहार में महागठबंधन के सहयोगी राजद के नेता तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘‘तेजस्वी यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य का शुभाषीश!

लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने राजद नेता तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है आप दीर्घायु हों और अपने जीवन को सफल बनाने में कामयाब रहे। आज आप का जन्मदिन है भगवान के दर्शन व आशीर्वाद से आप का दिन शुभ हो। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर तेजस्वी यादव को बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि तेजस्वी यादव को ऐतिहासिक जन्मदिन की बधाई एवं अति-उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं! इसके अतिरिक्त दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर जन्मदिन की बधाई दी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई दी है।

बता दें कि तेजस्वी यादव तब चर्चा में आए जब बिहार विधान सभा के लिए पूरे हुए मतदान के बाद एग्जिट पोल में महागठबंधन को सत्ता के करीब आते हुए दिखाया गया। वह महागठबंधन की मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार है और आज उनका 31वां जन्मदिन मनाया जा रहा है। बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम मंगलवार को आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website