नई दिल्ली, | बिहार में एनडीए की बहुमत से जीत को लेकर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा है कि बिहार में बहार आई है। एनडीए ने कमाल कर दिखाया है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने दीपावली के मौके पर मिली इस विजय पर देशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने बिहार के नतीजों को लेकर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ” बिहार में बहार आई। एनडीए ने कमाल कर दिया। पीएम मोदी के नेतृत्व में बिहार में और देश भर में जिस कदर विश्वास जनता का है, उससे पता चलता है कि लोग देश की तरक्की चाहते हैं।”
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि, “जो विपक्षी लोग राजनीति करते हैं, उसे लोगों ने नकारा है। देश का विकास, सबका साथ, सबका विकास का नारा ही देश में चलेगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में जो असीम प्यार और विश्वास है, दुनिया में वह अनूठा उदाहरण है।”
प्रकाश जावडेकर ने कहा, “इस विजय की हमें ज्यादा खुशी है। दीपावली के मौके पर यह विजय मिली है। हम सबको शुभकामनाएं देते हैं।”