मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई कांग्रेस के महासचिव विश्वबंधु राय ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के नाम एक खत लिखा है। मुंबई कांग्रेस के महासचिव और पूर्व सांसद संजय निरुपम के बेहद करीबी माने जाने वाले विश्वबंधु का यह खत महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा तूफान ला सकता है। दरअसल राय का आरोप है कि शिवसेना और एनसीपी मिलकर कांग्रेस को खत्म करने की साजिश कर रहे हैं।
कांग्रेस को निरंतर दबाने का हो रहा प्रयास
सोनिया गांधी को भेजे गए पत्र में लिखा गया कि महाविकास अघाड़ी सरकार में हमारे सहयोगी दल सोची समझी रणनीति बनाकर कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रहे हैं और अपनी पार्टी को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। आरोप है कि एनसीपी दीमक की तरह कांग्रेस पार्टी को कमजोर कर रही है। विश्वबंधु का कहना है कि कांग्रेस को निरंतर दबाने का प्रयास शिवसेना और एनसीपी के नेता कर रहे हैं। ऐसे में यह गठबंधन पार्टी के लिए भविष्य में नुकसान दे साबित हो सकता है।
कांग्रेस को नहीं मिल रहा उचित सम्मान
कांग्रेस नेता ने कहा कि महाराष्ट्र अघाड़ी सरकार को लगभग एक वर्ष पूरे हो गए हैं, इस दौरान कांग्रेस पार्टी केवल एक सहयोगी के तौर पर ही नजर आ रही है। सरकार चलाने की भूमिका में शिवसेना और एनसीपी ही नजर आ रहे हैं। कांग्रेस को उचित सम्मान और महत्व नहीं दिया जा रहा है। राय का आरोप है कि पार्टी के मंत्रियों को महाराष्ट्र सरकार में बड़ी संख्या में जमीनी स्तर पर संगठन का कोई काम नहीं मिल रहा है।
कांग्रेस के लिए आत्मघाती साबित होगा गठबंधन
विश्वबंधु ने पत्र में कहा कि साल 2019 के विधानसभा चुनावों के दौरान जनता से जो भी वादे पूरे किए गए थे। उन्हें अभी तक पूरा नहीं किया गया है। कांग्रेस की स्थिति महाविकास अघाड़ी सरकार में बेहद दयनीय है। उन्होंने कहा कि लगातार हर मोर्चे पर कांग्रेस को मिटाने का प्रयास यह दोनों पार्टियां कर रही हैं। कांग्रेस का एनसीपी और शिवसेना के साथ गठबंधन आत्मघाती साबित होगा।