नई दिल्ली : गर्मी बढ़ने के साथ ही दिल्ली में जल संकट भी गहरा गया है। दिल्ली के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। इसे देखते हुए सरकार ने फैसला किया है कि जिन इलाकों में दिन में दो बार पानी आता है, वहां अब एक बार आएगा। बचे पानी को उन इलाकों में दिया जाएगा, जहां पानी नहीं आ रहा है। साथ में सरकार ने अपील की है कि दिल्लीवासी अपनी कारों को खुली पाइपों से न धोएं और टंकियों से पानी ओवर फ्लो होने बचाएं। पानी के दुरुपयोग पर पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। उधर, दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी का आरोप है कि हरियाणा सरकार ने एक मई से यमुना में पानी की सप्लाई कम कर दी है। इसके लिए सरकार अदालत का दरवाजा भी खटखटा सकती है। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने बताया कि गर्मी के महीनों में यमुना में औसतन 674.5 फीट ही पानी बनाए रखना पड़ता है। बीते साल अप्रैल, मई और जून महीने में वजीराबाद में हमेशा यही जल स्तर बना भी रहा था। लेकिन इस साल एक मई से ही हरियाणा ने दिल्ली को अपने हिस्से का पानी देना कम कर दिया है और यमुना का जल स्तर लगातार गिर रहा है। एक मई को यमुना का जल स्तर 674.5 फीट था, जो 28 मई को 669.8 फीट पर आ गया है। इसी वजह से दिल्ली में जल संकट बढ़ गया है। इसको देखते हुए एहतियातन कदम उठाए जा रहे हैं।
