राहुल गांधी को आरएसएस को समझने में बहुत समय लगेगा: जावड़ेकर

राहुल गांधी को आरएसएस को समझने में बहुत समय लगेगा: जावड़ेकर

नई दिल्ली। गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इस जीत पर राज्य की जनता को बधाई दी और कांग्रेस पर निशाना साधा। साथ ही राहुल गांधी के आपातकाल वाले बयान पर कहा कि राहुल गांधी को आरएसएस को समझने के लिए बहुत समय लगेगा।

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि पंचायत चुनाव में ग्रामीण और किसान मतदाता होते हैं। 2015 में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 22 और भाजपा ने मात्र नौ जिला पंचायत जीते थे लेकिन इस बार भाजपा ने सभी 31 जिला पंचायत जीते हैं और वहां कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया।

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि 81 नगरपालिकाओं में से 72 जगह भाजपा ने जीती हैं, कांग्रेस को केवल 1 मिली है। 18 नगरपालिका में कांग्रेस की इतनी दुर्दशा हुई कि उन्हें एक भी सीट नहीं मिली, 52 नगरपालिकाओं में 10 का आंकड़ा भी कांग्रेस पार नहीं कर पाई।

प्रकाश जावड़ेकर ने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि इनमें सीट की संख्या 976 हैं, जिनमें से भाजपा ने 2015 में 368 सीट जीती थीं जबकि इस बार 800 सीट जीती हैं। प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि गुजरात में हम 38 साल से एक तरह से सरकार में हैं। ये एक तरह से राजनीति का अद्भुत करिश्मा है। 

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस ने खूब कोशिश की चुनाव लड़ने की लेकिन कुछ विधायक खुद लड़े और कुछ के परिवार के लोग लड़े, ऐसे सभी उम्मीदवार हार गए। भाजपा की इस जीत का अर्थ है कि ये किसानों का वोट है और किसान कृषि सुधारों के साथ है। 

राहुल गांधी के आपातकाल वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि राहुल गांधी को आरएसएस को समझने के लिए बहुत समय लगेगा। आरएसएस दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है, जो मानवता और सामाजिक नैतिकता सिखाता है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी इसे कभी नहीं समझ पाएंगे। 

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि राहुल गांधी ने माना है कि आपातकाल लगाना गलत था। लेकिन मोदी सरकार ने कभी किसी संसंथा को नहीं छेड़ा है। उन्होंने कहा कि आपातकाल में मंत्री, सांसद, विधायक सबको जेल में डाला गया, प्रेस की आजादी छिन ली गई, क्या-क्या नहीं उस समय। राहुल गांधी को आरएसएस के बारे में पता नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website