भगवंत मान और पंजाब की नई कैबिनेट 16 मार्च को लेगी शपथ

भगवंत मान और पंजाब की नई कैबिनेट 16 मार्च को लेगी शपथ

चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके कैबिनेट सहयोगियों को 16 मार्च को शपथ दिलाई जाएगी। इसकी घोषणा शुक्रवार को की गई। आप ने विधानसभा चुनाव में 117 में से 92 सीटें जीतकर प्रचंड जीत दर्ज की है। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 18 सीटें जीतीं हैं और 2017 में उसके द्वारा जीती गई 77 सीटों में भारी गिरावट आई है, जबकि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) केवल तीन सीटों पर जीत हासिल कर पाई है।

मान ने धूरी से 58,000 से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की।

इससे पहले शुक्रवार को मान ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से राष्ट्रीय राजधानी में उनके आवास पर मुलाकात की, जहां दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे।

गुरुवार को पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद मान ने घोषणा की थी कि नया मंत्रिमंडल शहीद भगत सिंह नगर जिले के स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में शपथ लेगा, न कि राजभवन में।

मान, जो भगत सिंह की ट्रेडमार्क ‘बसंती’ (पीली) पगड़ी पहनते हैं, ने यह भी कहा कि किसी भी सरकारी कार्यालय में मुख्यमंत्री की तस्वीरें नहीं होंगी। इसके बजाय, भगत सिंह और बी.आर. अम्बेडकर की तस्वीरों को सभी सरकारी कार्यालयों की दीवारों पर लगाया जाएगा।

इस बीच, निवर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को यहां पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website