पंजाब विधान सभा चुनाव – भाजपा ने जारी की 34 उम्मीदवारों की पहली सूची

पंजाब विधान सभा चुनाव – भाजपा ने जारी की 34 उम्मीदवारों की पहली सूची

नई दिल्ली : पंजाब विधान सभा चुनाव को लेकर भाजपा ने 34 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची को जारी कर दिया है।

शुक्रवार को भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने बताया कि पार्टी ने अपनी पहली लिस्ट में 12 किसान , 8 अनुसूचित जाति और 13 सिख समुदाय के व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने टिकट बांटते समय पंजाब के सभी समुदायों को शामिल करने की कोशिश की है।

चुग ने दावा किया कि पार्टी की पहली सूची में किसान, डॉक्टर, अधिवक्ता, खिलाड़ी, उद्योगपत्ति, मजदूर, युवा, महिला, छोटे दुकानदार और पूर्व आईएएस अधिकारी के साथ ही गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का चुनाव जीतने वाले लोग भी शामिल हैं।

भाजपा ने अपनी पहली सूची में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान विधायक मनोरंजन कालिया को जालंधर सेंट्रल से, पंजाब के प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से जुड़े कंवरवीर सिंह तोहड़ा को अमलोह, कबड्डी खिलाड़ी रंजीत सिंह खोजेवाला को कपूरथला से और अरविंद खन्ना को संगरूर से उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा ने सुजानपुर से दिनेश सिंह बब्बू, दीनानगर से रेणु कश्यप, मुकेरियां से जंगीलाल महाजन, गढ़शंकर से नमिषा मेहता, फिरोजपुर शहर से राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, फरीदकोट से गौरव कक्कड़ और डेरा बस्सी से संजीव खन्ना को चुनावी मैदान में उतारा है।

पंजाब प्रभारी एवं भाजपा राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए यह दावा किया कि पंजाब की जनता राज्य में परिवर्तन करने का मन बना चुकी है और भाजपा गठबंधन राज्य में शानदार प्रदर्शन करने जा रहा है।

चुनाव सह प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि गठबंधन ( अकाली दल के साथ ) में जुड़ी रहने के कारण भाजपा पहले जूनियर पार्टनर की भूमिका में थी लेकिन अब माहौल बदल गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में सिख और एससी समुदाय के साथ-साथ सभी वर्गों का ध्यान रखा है। उन्होंने कहा कि बची हुई सीटों को लेकर अभी बातचीत चल रही है और पार्टी जल्द ही उन सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम का एलान करेगी।

आपको बता दें कि, पंजाब में विधानसभा की सभी 117 सीटों पर 20 फरवरी को मतदान होना है। भाजपा राज्य में पहली बार अमरिंदर सिंह और सुखदेव सिंह ढींढसा की पार्टी के साथ गठबंधन कर बड़े भाई की भूमिका में चुनाव लड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website