चीन और ताइवान के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी के ताइवान से लौटते ही चीन और एग्रेसिव हो गया है। गुरुवार को चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने ताइवान के ईदगिर्द 6 इलाकों में सैन्य अभ्यास शुरू किया। चीन के 100 से अधिक फाइटर जेट्स ने ताइवान के उत्तरी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी एयरस्पेस में उड़ान भरी।
इससे पहले, ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि PLA ने उनके उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिमी तट के पास 11 डोंगफेंग बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। वहीं, चीन की ओर से दागी गई 5 बैलिस्टिक मिसाइलें जापान के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन (EEZ) में गिरी हैं। जापान के रक्षा मंत्री नोबुओ किशी ने बताया कि डिप्लोमैटिक चैनल के जरिए इस घटना का विरोध दर्ज कराया गया है।