मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने चौक-चौराहों पर लगी नेताओं और दिवंगत विशिष्ट जनों की प्रतिमाएं हटाने का आदेश इसी साल मार्च में दिया है। हाईकोर्ट ने 18 जनवरी 2013 के बाद लगाई गई प्रतिमाओं को हटाने को कहा है। यह भी हिदायत दी कि भविष्य में मध्यप्रदेश की सड़कों या सार्वजनिक महत्व की भूमि पर कोई प्रतिमा न लगाई जाए। इस आदेश के बाद राजधानी भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण रुक गया। टीटी नगर स्थित नानके पेट्रोल पंप से अर्जुन सिंह की प्रतिमा को हटाकर व्यापमं चौराहे पर शिफ्ट कर दिया। कांग्रेस नेता इसका अनावरण करने की मांग कर रहे हैं।