सोनभद्र: यूपी के सोनभद्र में अपनी शादी की खुशी में दूल्हा हर्ष फायरिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दबने से चली गोली पास खड़े फौजी दोस्त के सीधे माथे पर लगी। फौजी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद साथ आए लोग शव छोड़कर फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने अपनी मौजूदगी में शादी कराई। शादी खत्म होते ही पुलिस ने आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया है। दुल्हन बिना दूल्हे के मायके से ससुराल गई है।
पिता दयाराम ने बताया कि बेटा बाबूलाल सेना में हवलदार था। उसकी तैनाती लेह में थी। वह छुट्टी पर घर आया था। उसके दोस्त मनीष की शादी 21 जून को राबर्टसगंज के ब्रह्मनगर के आशीर्वाद वाटिका में थी। बाबूलाल शाम को घर से बारात के लिए निकला। अपने साथ पिस्टल भी ले गया। गाजे-बाजे के साथ द्वाराचार शुरू हुआ।
इस दौरान फौजी बाबूलाल अपने दोस्त मनीष के साथ ही था। दूल्हा मनीष बग्घी पर सवार होकर राइफल से फायरिंग करते हुए दुल्हन के घर जा रहा था। दरवाजे पर पहुंचते ही उसने अपनी राइफल बगल में चल रहे एक युवक को थमा दिया।