5 लाख 51 हजार दीयों से जगमगाएगी राम लला की नगरी अयोध्या

5 लाख 51 हजार दीयों से जगमगाएगी राम लला की नगरी अयोध्या

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में इस बार दिवाली अद्भुत और भव्य दृश्य देखने को मिलेगा। अयोध्या आज अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ेगा। अयोध्‍या 5 लाख 51 हजार दीयों से जगमगाएगी। भव्‍य दीपोत्‍सव की तैयारी में अयोध्‍या नगरी दुल्‍‍‍‍हन की तरह सजाई गई है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या में दीपोत्सव मनाने के लिए आएंगे। सरयू घाट को कई रंगों में सजाया गया है। घाटों को त्रेता युग की तरह चमकाया गया है। अयोध्या में लगातार चतुर्थ भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस बार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरयू के तट पर 5 लाख 51 हजार दीए जलाकर अपना ही विश्व रिकार्ड तोड़ेंगे।

भगवान राम के जन्म से लेकर राज्याभिषेक तक के पूरे दृश्य को 11 झांकियों के रूप में तैयार किया गया है। इन झांकियों को बनाने के लिए करीब 25 कारीगर 15 दिनों तक जुटे रहे। सूत्रों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस पूरे कार्यक्रम में राज्य मेला घोषित कर दिया है, जिससे यह आगे भी चलता रहे। इस बार फाइबर की प्रतिमाए भी लगाई गई हैं जिसमें भगवान राम के तीर को पीले कलर में जगह दी गई है। इस दीपोत्सव को दुनिया के मानचित्र पर रखने के लिए सरकार पूरी कोशिश में हैं। अयोध्या का नजारा आज देखते ही बन रहा है।

राम की पैड़ी पर सरयू का निर्मल जल छोड़ा गया
अयोध्या में राम की पैड़ी पर सरयू का निर्मल जल छोड़ा गया है। पम्पिंग सेट के माध्यम से यह पानी सरयू नदी से उठाकर राम की पैड़ी में छोड़ा जा रहा है और दूसरे छोर से यह पानी वापस सरयू नदी में मिल रहा है। बाकायदा पांच सेटों में पानी बाहर आ रहा है जिसका लोग आनंद ले रहे हैं। यह पानी लगातार बहता रहेगा। दीपोत्सव के दौरान ही नहीं बल्कि हमेशा यहां पानी बहता रहेगा और लोग दीपोत्सव का आनंद तो लेंगे ही लेकिन इसके बाद भी जल यूं ही प्रवाहित होता रहेगा।

सैकड़ों छात्र-छात्राएं सजा रहे सरयू घाट को
उन्होंने बताया कि सैकड़ों छात्र-छात्रायें व्यवस्थित तौर पर घाट पर सजाये जा रहे हैं। बाकायदा एक स्कवायर बनाया गया है जिसमें 100 दीए रखे जाएंगे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व वालंटियर यह काम कर रहे हैं। खास बात तो यह है कि पुलिस विभाग भी अयोध्या जिले के हर थाने चौकी पर दीपक जलाकर इस कार्यक्रम का भागीदारी बनेगा। अयोध्या को भी दीयों से सजाया जाएगा।

‘पुष्पक विमान’ से आएंगे भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण
भगवान राम, देवी सीता और लक्ष्मण के वेश में कलाकार ‘पुष्पक विमान’ से तट पर उतरेंगे तथा राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री उनकी अगवानी करेंगे। हेलीकॉप्टर को फूलों से सजाकर विमान का रूप दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश के राज्यपाल आनंदी बेन पटेल रामकथा पार्क में पहुंचेगे और वहां से सीधे वे श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन करने के बाद पहला दीप जलाएंगे। उसके बाद रामकथा पार्क में भगवान श्रीराम, माता सीता का स्वागत करेंगे। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राज्याभिषेक होगा और सरयू आरती नए घाट पर की जाएगी। आरती के बाद राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website