3 महीने बाद कोरोना के मामले 50 हजार से कम, 24 घंटे में देश में 42,683 केस मिले

3 महीने बाद कोरोना के मामले 50 हजार से कम, 24 घंटे में देश में 42,683 केस मिले

नई दिल्ली। देश में सोमवार को 42,683 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस दौरान 81,031 लोगों ने कोरोना को मात दी और 1,167 लोगों की मौत भी हुई। करीब 3 महीने बाद कोरोना के नए संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार से नीचे आया है। इससे पहले 23 मार्च को 47,239 कोरोना संक्रमित मिले थे। इस तरह पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में करीब 40 हजार की कमी रिकॉर्ड की गई।

देश में अब तक कुल 2.99 करोड़ लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। पिछले कुछ दिनों के रोजाना केसों के ट्रेंड को देखें, तो आज कुल संक्रमितों का आंकड़ा 3 करोड़ के पार पहुंच जाएगा। भारत दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश है। सबसे ज्यादा केस 3.44 करोड़ केस अमेरिका में आए हैं।

10 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 10 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

21 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियां के साथ छूट भी है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

तेलंगाना पूरी तरह लॉकडाउन हटाने वाला पहला राज्य
इस बीच तेलंगाना सरकार ने राज्य में 20 जून से लॉकडाउन को पूरी तरह से हटा दिया है। देश में महामारी के बीच पाबंदियों को पूरी तरह हटाने वाला यह पहला राज्य बन गया है। यहां 1 जुलाई से स्कूल भी खोल दिए जाएंगे।

प्रमुख राज्यों के हाल

  1. महाराष्ट्र
    यहां सोमवार को 6,270 लोग संक्रमित पाए गए। 13,758 लोग ठीक हुए और 352 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 59.79 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 57.33 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.18 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.24 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
  2. छत्तीसगढ़
    राज्य में सोमवार को 496 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 1,116 लोग ठीक हुए और 8 की मौत हो गई। अब तक 9.91 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.69 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,395 लोगों की मौत हो चुकी है। 8,564 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
  3. उत्तर प्रदेश
    यहां सोमवार को 118 लोग संक्रमित पाए गए। 478 लोग ठीक हुए और 46 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 17.04 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.78 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,224 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 4,163 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  4. गुजरात
    राज्य में सोमवार को 151 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 619 लोग ठीक हुए और 2 की मौत हो गई। यहां अब तक करीब 8.22 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.06 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,034 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 5,639 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
  5. राजस्थान
    यहां सोमवार को 151 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 533 लोग ठीक हुए और 6 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 9.51 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.39 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,901 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 2,691 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  6. दिल्ली
    दिल्ली में सोमवार को 89 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 173 लोग ठीक हुए और 11 की मौत हो गई। अब तक 14.32 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.05 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 24,925 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 1,996 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  7. मध्यप्रदेश
    यहां सोमवार को 89 नए मामले सामने आए। 304 लोग ठीक हुए और 19 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 7.89 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.78 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,786 लोगों की मौत हो गई। 1,980 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website