सेंसेक्स 1600 पॉइंट्स लुढ़का,रिलायंस का वैल्यूएशन 70 हजार करोड़ घटा, मार्केट कैप 10 लाख करोड़ गिरा

सेंसेक्स 1600 पॉइंट्स लुढ़का,रिलायंस का वैल्यूएशन 70 हजार करोड़ घटा, मार्केट कैप 10 लाख करोड़ गिरा

मुंबई। हफ्ते के पहले दिन आज शेयर बाजार में बड़ी गिरावट है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1600 पॉइंट्स टूटकर 58,125 पर पहुंच गया है। मार्केट कैप 10 लाख करोड़ रुपए घटा है। यानी हर मिनट 7,500 करोड़ रुपए की गिरावट आई है। बजाज ग्रुप के शेयर 5-5% टूटे हैं।

आज सेंसेक्स 68 पॉइंट्स ऊपर 59,778 पर खुला था। लेकिन कुछ ही मिनट्स में यह 500 अंक से ज्यादा टूट गया था। BSE का मार्केट कैप 258.92 लाख करोड़ रुपए रह गया है। गुरुवार को यह 269.20 लाख करोड़ रुपए था। पेटीएम का शेयर आज 16% टूटकर 1,291 रुपए पर पहुंच गया है। मार्केट कैप 85 हजार करोड़ रुपए हो गया है।

रिलायंस का ज्यादा योगदान
आज बाजार की गिरावट में रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) का ज्यादा योगदान है। रिलायंस का शेयर 5% टूटकर 2,352 रुपए पर पहुंच गया है। इसके मार्केट कैप में 70 हजार करोड़ रुपए की कमी आज आई है। पिछले एक हफ्ते में यह शेयर करीबन 10% टूट चुका है। कंपनी ने शुक्रवार की देर रात यह बयान दिया था कि सऊदी अरामको के साथ उसकी डील फिलहाल नए सिरे से होगी। इसके लिए वैल्यूएशन फिर से किया जाएगा।

बयान के बाद आज पहली बार बाजार खुला है, जिसका असर इसके शेयर पर दिखा है। रिलायंस के ऑयल टू केमिकल (O2C) बिजनेस में सऊदी अरामको 20% हिस्सा खरीदना चाहती है। यह डील 15 अरब डॉलर में होनी है। अगस्त 2019 में पहली बार इस डील पर बात शुरू हुई थी।

एक महीने के निचले स्तर पर रिलायंस
रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर एक महीने के निचले स्तर पर है। इसका मार्केट कैप 15.18 लाख करोड़ रुपए है। उधर पेटीएम के शेयर्स में आज दूसरे दिन भी गिरावट है। इसका मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपए के नीचे 90 हजार करोड़ रुपए हो गया है। शेयर 16% टूटकर 1,291 रुपए पर पहुंच गया है। यानी इश्यू प्राइस की तुलना में यह 29% टूट गया है। नायका और जोमैटो मार्केट कैप में इससे आगे हो गए हैं।

मारुति का शेयर 2.34% गिरा
इसके साथ BSE सेंसेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट मारुति के शेयर में है। यह 2.34% गिरा है। कोटक बैंक, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, SBI, इंफोसिस, डॉ. रेड्‌डी जैसे शेयर्स में गिरावट है। BSE के 30 शेयर्स में से केवल 6 शेयर्स बढ़त में हैं। बढ़ने वाले शेयर्स में आज भारती एयरटेल 6% ऊपर है। यह एक साल के नए हाई 755 रुपए पर पहुंच गया है। भारती ने कहा है कि वह अपने प्रीपेड प्लान के टैरिफ में बढ़ोत्तरी करेगी, जिसकी वजह से उसके शेयर्स में आज तेजी है। इसके अलावा पावर ग्रिड और एशियन पेंट्स शेयर में तेजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website