सागर हत्याकांड: सुशील पहलवान गिरफ्तार, हिरासत में भी नजर नहीं आया खौफ

सागर हत्याकांड: सुशील पहलवान गिरफ्तार, हिरासत में भी नजर नहीं आया खौफ

नई दिल्ली। दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में जूनियर गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान सागर राणा की हत्या के मामले में फरार चल रहे ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट सुशील कुमार को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 18 दिन बाद सुशील कुमार और उसके साथी अजय को दिल्ली के ही मुंडका इलाके से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी चार मई को देर रात हुई घटना के बाद से फरार थे। पहलवान सुशील पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था जबकि अजय पर 50 हजार का इनाम था। गिरफ्तारी के बाद पहलवान सुशील के चेहरे पर जरा भी खौफ नजर नहीं आया।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि 23 वर्षीय सागर राणा की हत्या के मामले में दोनों उक्त आरोपियों को रविवार सुबह दिल्ली के मुंडका इलाके से गिरफ्तार किया गया है। इंस्पेक्टर शिवकुमार के निर्देशन में स्पेशल सेल की टीम ने दो वांछित लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान पहलवान सुशील कुमार और उसके साथ अजय उर्फ सुनील के रूप में हुई।  इससे पहले, सुशील कुमार की तलाश में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली के अलावा यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और अब पंजाब में ताबड़तोड़ छापेमारी की। दिल्ली में कई ठिकानों पर पुलिस ने छापा मारा लेकिन सुशील का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस को सबसे पहले सुशील के उत्तराखंड जाने की जानकारी मिली थी। उसके बाद से पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच राज्यों में दबिश दे रही थी। 

शनिवार को भी सूचना आ रही थी कि दिल्ली पुलिस ने सुशील को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों ने उसकी गिरफ्तारी की बात से इनकार कर दिया था। 

क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में 4 मई की रात दिल्ली के मॉडल टॉउन थाने के इलाके में पहलवान सुशील और उसके साथियों ने एक फ्लैट से सागर और उसके दोस्तों का अपहरण किया। फिर छत्रसाल स्टेडियम में ले जाकर उनकी बेरहमी से पिटाई की। इसमें सागर बुरी तरह घायल हो गया था। इलाज के दौरान सागर की मौत हो गई थी। 

English Website