शैवाल गुप्ता के निधन पर बिहार में शोक की लहर, उपमुख्यमंत्री सहित इन नेताओं ने जताया दुख

शैवाल गुप्ता के निधन पर बिहार में शोक की लहर, उपमुख्यमंत्री सहित इन नेताओं ने जताया दुख

पटनाः प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. शैवाल गुप्ता के निधन के बाद बिहार में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री नीतीश, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, राज्यपाल फागू चौहान, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सहित अन्य नेताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने गुरुवार को अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ. गुप्ता विभिन्न राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय सामाजिक संगठनों तथा आर्थिक शोध से आजीवन जुड़े रहे। वे राष्ट्रीय साक्षरता मिशन की कार्यकारी समिति के सदस्य रहे। वह एशियाई विकास शोध संस्थान (आद्री) के संस्थापक सचिव रहे। उनके निधन से बिहार के साथ-साथ देश को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति एवं उनके समस्त परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने डॉ. गुप्ता के निधन पर अपनी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि वे न सिर्फ अर्थशास्त्री थे बल्कि बिहार की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट, नीति आयोग और वित्त आयोग के लिए बिहार सरकार की ओर से रिपोर्ट बनाने में आद्री के सदस्य सचिव के रूप में उनकी प्रमुख भूमिका रही थी। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिर शांति एवं संकट की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार को सहन शक्ति प्रदान करे।

वहीं पूर्व मंत्री एवं विधान पार्षद नीरज कुमार ने डॉ. गुप्ता के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह अर्थशास्त्र के बेहतरीन ज्ञाता थे। उन्होंने कहा कि ईश्वर से करबद्ध प्रार्थना है कि दिव्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान कर शोक संतप्त परिवार को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website