विंध्याचल पहुंचे अमित शाह ने विंध्य कॉरिडोर का शिलान्यास किया, अब 296 मीटर लंबे रोप-वे का उद्घाटन करेंगे

विंध्याचल पहुंचे अमित शाह ने विंध्य कॉरिडोर का शिलान्यास किया, अब 296 मीटर लंबे रोप-वे का उद्घाटन करेंगे

लखनऊ/वाराणसी/मिर्जापुर। गृहमंत्री अमित शाह विंध्याचल पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने विंध्य कॉरिडोर का शिलान्यास किया। पूजन-अर्चन के बाद शाह ने मंत्रोच्चार के बीच कॉरिडोर की नींव रखी। थोड़ी देर में वह 296 मीटर लंबे रोप-वे का उद्घाटन करेंगे। इसी रोप-वे से वह माता मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन को जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल भी मौजूद हैं।

लखनऊ में अखिलेश पर साधा निशाना
मिर्जापुर से पहले लखनऊ में अमित शाह ने स्‍टेट फॉरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट का शिलान्यास किया। यहां समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। बगैर अखिलेश का नाम लिए शाह ने कहा- जब बाढ़ से उत्तर प्रदेश के लोग परेशान थे। किसान कर्ज और भूख से परेशान थे तब आप लोग मौज मस्ती कर रहे थे। जब लोगों के घरों में बिजली नहीं थी, पानी नहीं था।

महिलाओं को शौच के लिए बाहर जाना पड़ता था। माताओं को चूल्हे फूंकने पड़ते थे। धुंआ उनके फेफड़ों तक पहुंचता था। वो बीमार होती थीं। गरीबों के सिर पर छत नहीं था, तब आपको कुछ नहीं दिखाई दिया। आज चुनाव आते ही आप नए कपड़े पहनकर आ गए। अखबारों में बयान देने लगे। लोगों से झूठा वादा करने लगे। अमित शाह आज एक दिन के यूपी दौरे पर हैं।

शाह ने योगी की तारीफ की
गृह मंत्री ने योगी को प्रदेश का अब तक का सबसे कामयाब मुख्यमंत्री बताया। बोले, सीएम योगी ने यूपी की तस्वीर बदल दी। वापस कानून राज ला दिया। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि तब लोग यहां आतंकित थे। आम लोगों का जीना मुश्किल था।

योगी बोले- आज माफियाओं में डर का माहौल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, गृहमंत्री के हाथों आज उत्तर प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज का शिलान्यास हुआ है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों का प्रदेश माना जाता था, माफियाओं का कब्जा था। प्रदेश में 4 वर्षों के अंदर जो परिवर्तन हुआ है, वो गृहमंत्री की वजह से ही है। प्रदेश में जो परिवर्तन हुआ है वो किसी से छिपा नहीं है। उत्तर प्रदेश पुलिस अब नए सिरे से काम करती दिखाई दे रही है। प्रदेश में पेशेवर माफियाओं और गैंगेस्टरों से 1584 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई। आज माफियाओं में डर का माहौल है। महिलाएं सुरक्षित हैं, नागरिक सुरक्षित हैं।

मिर्जापुर जिले में शाह का तीन साल में दूसरा दौरा
शाह 4 घंटे यहां रहेंगे और 288 करोड़ की 90 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास भी करेंगे। मिर्जापुर में उनका तीन साल में यह दूसरा दौरा है। बता दें कि वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर मिर्जापुर में विंध्य कॉरिडोर की योजना बीते साल से ही योगी सरकार तैयार कर रही थी।

2000 पुलिसकर्मी सुरक्षा में, ड्रोन से रखी जा रही नजर
अमित शाह और सीएम योगी के दौरे को देखते हुए मिर्जापुर में सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता की गई है। भारी वाहनों का प्रवेश मिर्जापुर में बंद है। उनके लिए वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा में 2000 पुलिसकर्मियों को लगाया है, जबकि एटीएस के जवान और डॉग स्क्वॉयड भी जगह-जगह मौजूद है।

श्रद्धालु 4 घंटे नहीं कर सकेंगे दर्शन
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक श्रद्धालु विंध्यवासिनी माता के दर्शन नहीं सकेंगे। सुरक्षा के लिहाज से यह निर्णय लिया गया है। शाह के कार्यक्रम के दौरान धाम जाने वाले मार्ग पर भी आवाजाही बंद रही। स्थानीय लोगों को भी इस समय पर अपने घरों में ही रहने के लिए कहा गया है।

ऐसा है गृहमंत्री का प्रोटोकॉल
विंध्यवासिनी धाम में भूमि पूजन और मां विंध्यवासिनी का दर्शन करेंगे। इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में लोकार्पण और विभिन्न योजनाओं की घोषणा करेंगे। करीब 1 घंटा का समय जनसभा के लिए तय किया गया है। इसके बाद गोवर्धनदास बिनानी कालेज में बने हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। जहां से वह वाराणसी बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए उड़ जाएंगे।

झालरों से सजा मंदिर, जर्मन हैंगर टेंट में होगी जनसभा
गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर रंग-बिरंगी झालरों से पूरा मंदिर परिसर सजाया गया है। वहीं, जीआईसी मैदान में होने वाली जनसभा के लिए जर्मन हैंगर के दो पंडाल तैयार किए जा रहे हैं, ताकि उसमे भारी बारिश में भी 5000 लोग बैठ सके।

क्या है विंध्य कॉरिडोर?
प्रदेश सरकार ने 30 अक्टूबर 2020 को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर मिर्जापुर में विंध्य कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दी थी। इसकी कुल लागत 331 करोड़ रुपए है। इसके तहत मंदिर से लगे चार प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण होगा। यहां परिक्रमा पथ के लिए आसपास के 92 भवन ध्वस्त हो चुके हैं। निर्माण पूरा होने के बाद मंदिर से गंगा के दर्शन और गंगा तट से मां विंध्यवासिनी के दर्शन होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website