राहुल गांधी की किसानों से शांति की अपील! बोले- विनम्र तरीक़े से आप दुनिया हिला सकते हैं

राहुल गांधी की किसानों से शांति की अपील! बोले- विनम्र तरीक़े से आप दुनिया हिला सकते हैं

नई दिल्ली।  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्र सरकार से फिर आग्रह किया कि तीनों ‘कृषि विरोधी कानूनों’ को वापस लिया जाए। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के एक कथन का हवाला देते हुए ट्वीट किया कि विनम्र तरीक़े से आप दुनिया हिला सकते हैं-महात्मा गांधी। उन्होंने इशारों में उपद्रव मचाने वाले किसानों को गांधी का शांति संदेश भी दे दिया है।

कांग्रेस नेता ने मंगलवार को हुई हिंसा की पृष्ठभूमि में महात्मा गांधी के कथन का उल्लेख किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि विनम्र तरीके से आप दुनिया हिला सकते हैं।’ -महात्मा गांधी। एक बार फिर मोदी सरकार से अपील है कि तुरंत कृषि-विरोधी कानून वापस लिए जाएं।’ इससे पहले भी राहुल गांधी ने किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान कुछ जगहों पर पुलिस एवं किसानों के बीच झड़प होने के बाद  कहा कि हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है और सरकार को देशहित में तीनों कृषि कानून वापस लेने चाहिए।

गौरतलब है कि किसान समूहों की ट्रैक्टर परेड के दौरान कई स्थानों पर पुलिस के साथ झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने किसान समूहों पर आंसू गैस के गोले छोड़े तथा लाठीचार्ज किया। दिल्ली की सीमा पर कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक तोड़ दिए। ट्रैक्टर परेड के लिए निर्धारित मार्ग से हटकर प्रदर्शनकारी किसानों का एक समूह मंगलवार को लालकिले में घुस गया और राष्ट्रीय राजधानी स्थित इस ऐतिहासिक स्मारक के कुछ गुंबदों पर अपने झंडे लगा दिए थे।

PunjabKesari

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website