भाजपा की सरकार बनते ही बंगाल में बंद करवा देंगे गो-तस्करी का काम: योगी

भाजपा की सरकार बनते ही बंगाल में बंद करवा देंगे गो-तस्करी का काम: योगी

मालदा। भाजपा के मिशन बंगाल को धार देने के लिए मंगलवार को राज्य में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार की कमान संभाली। उन्होंने मुस्लिम बहुल मालदा जिले में चुनावी सभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने ममता बनर्जी की सरकार पर जमकर निशाना साध। योगी ने आरोप लगाया कि बंगाल में जय श्री राम का नारा लगाने से रोका जाता है। उन्होंने राज्य सरकार पर लव-जिहाद को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि ईद पर जबरन गोहत्या करवाई जाती है। हमारी सरकार बनने पर ये बंद हो जाएगा।

परिवर्तन की धरती रही है बंगाल
रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मालदा भारत की सनातन की भूमि हैं, मैं इसे कोटि-कोटि नमन करता हूं। मैं स्वयं को धन्य मानता हूं कि मैं चैतन्य महाप्रभु की इस पवित्र भूमि पर आया। बंगाल परिवर्तन की धरती रही है। ये गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की धरती है। जिसने भारत को राष्ट्रगान दिया। इस धरती ने भारत को पहला नोबेल पुरस्कार दिया था। बंगाल में आज अराजकता की स्थिति है, जिससे पूरे देश को दुख होता है।

जबरदस्ती करवाई जाती हैं गोहत्याएं
यूपी के मुख्यमंत्री ने रैली में कहा कि यह बंगाल की पारंपरिक संस्कृति की सीट है और यहां से बंगाल में परिवर्तन लाया जाना चाहिए। भारत का नेतृत्व करने वाला बंगाल आज कहां है? आज बंगाल में अराजकता, आतंकवाद और भ्रष्टाचार है। आज बंगाल में सत्ता प्रायोजित अपराध और आतंकवाद न केवल यहां की सुरक्षा के सामने संकट खड़ा कर रहा है बल्कि देश की सुरक्षा को भी चुनौती देता दिखाई देता है। आज बंगाल में दुर्गापूजा पर प्रतिबंध लगाया जाता है। ईद में जबर्दस्ती गो हत्याएं प्रारंभ कराई जाती हैं। आज जब बंगाल में अराजकता और बदहाली दिखाई देती हैं तो पूरे देश को पीड़ा होती है। आज बंगाल में गरीबी और बदहाली है। बंगाल में केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लागू नहीं होने दिया जाता है।

राम का द्रोही किसी काम का नहीं
योगी ने कहा कि बंगाल में जय श्री राम के नारे लगाने से रोका जाता है। अयोध्या में भी एक सरकार ने रामभक्तों पर गोली चलाई थी। उसका हश्र सभी ने देखा है। जो भी राम का द्रोही है, उनका बंगाल में कोई काम नहीं है। बंगाल में लव जिहाद को अंजाम दिया जा रहा है, यहां की सरकार इसे रोक नहीं पा रही है। मोदी सरकार ने धारा 370 को खत्म कर दिया, अयोध्या में राम मंदिर का भी निर्माण हो रहा है। बंगाल का व्यक्ति रोजगार के लिए दिल्ली-यूपी जाता है। यूपी के अंदर कोई गो हत्या नहीं कर सकता। हमारी सरकार 2017 में आई थी। 24 घंटे के अंदर गो तस्करी, गो हत्या को बंद कर दिया गया। आप बंगाल में भाजपा की सरकार लेकर तो आइये बंगाल में भी ये बंद हो जाएगा। हमें बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति रोकनी है। यहां गो हत्या रोकनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website