बंगाल में 3 बजे तक 54.43% मतदान, महलापारा में TMC कैंडिडेट पर हमला

बंगाल में 3 बजे तक 54.43% मतदान, महलापारा में TMC कैंडिडेट पर हमला

नई दिल्ली। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 475 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। इन सीटों पर 5,857 प्रत्याशी मैदान में हैं। बंगाल में और असम में ये तीसरे फेज का चुनाव है। इसके साथ ही असम में चुनाव पूरा हो जाएगा। वहीं तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में आज एक फेज में ही चुनाव हो रहे हैं।

दोपहर 3 बजे तक यानी 8 घंटे में बंगाल में 54.43% वोटिंग हो चुकी थी। इस दौरान पुडुचेरी में 54.27% वोटिंग हुई। तमिलनाडु में 42.14%, केरल में 48.45% और असम में 54.08% वोट पड़े।

अपडेट्स

  • बंगाल के महलापारा में TMC कैंडिडेट सुजाता मंडल पर हमला हुआ है। TMC सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने BJP पर हमले का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हमले में सुजाता के सिक्योरिटी ऑफिसर को सिर में गंभीर चोट लगी है।
  • बंगाल के आमरबाग में TMC और BJP कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। इस बवाल के बाद TMC उम्मीदवार सुजाता मंडल ने CRPF पर लोगों को वोटिंग से रोकने का आरोप लगाया।
  • वहीं BJP ने आरोप लगाया है कि TMC के गुंडे दगीरा बादुलदंगा में लोगों को वोट नहीं डालने दे रहे। दक्षिण 24 परगना की डायमंड हार्बर सीट से BJP कैंडिडेट दीपर हलदर ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है।
  • BJP ने चेन्नई में DMK पर वोटर्स को पैसे बांटने का आरोप लगाया है। BJP कैंडिडेट खुशबू सुंदर ने बताया कि चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की गई है।
  • बंगाल के उलुबेड़िया में TMC नेता के घर से EVM और VVPAT मिली हैं। इस मामले में चुनाव आयोग ने सेक्टर ऑफिसर तपन सरकार को सस्पेंड कर दिया है। आयोग ने कहा है कि ये रिजर्व EVM और VVPAT थी, जिन्हें अब इलेक्शन प्रोसेस से हटा दिया गया है। इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से चुनाव लड़ रहे स्वपन दासगुप्ता का मुकाबला रोचक होगा। वहीं, असम में तीन मंत्रियों सहित राज्य के भाजपा अध्यक्ष भी चुनाव लड़ रहे हैं। असम भाजपा के बड़े नेता हेमंत बिस्वा सरमा भी इस फेज में चुनाव लड़ रहे हैं।

असम: तय होगी परिवहन, शिक्षा मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की किस्मत

  • असम में तीसरे चरण और अंतिम चरण के तहत 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव है। 373 प्रत्याशी इस चरण में मैदान में उतरे हैं। इनमें 325 पुरुष और 12 महिला उम्मीदवार हैं। इस चरण में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और BJP नेता हिमंत बिस्वा सरमा जलुकबरी से चुनाव लड़ रहे हैं। परिवहन मंत्री चंद्र मोहन पटोवरी धरमपुर, शिक्षा मंत्री सिद्धार्थ भट्टाचार्य गौहाटी पूर्व और BJP प्रदेशाध्यक्ष रंजीत कुमार दास पताचार्कुची सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
  • यहां 79,19,641 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 40,11,539 पुरुष, 39,07,963 महिलाएं और 139 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। इस चुनाव के लिए पैरा मिलिट्री फोर्स की 320 कंपनियां तैनात की गई हैं। 2016 के चुनाव में कांग्रेस को 30.9% तो उसके सहयोगी AIUDF को 13% वोट मिले थे। BJP को 20.5% तो उसके सहयोगी AGP को 8.1% और BPF को 3.9% वोट मिले थे। भाजपा और उसके सहयोगी ने मिलकर 126 में से 86 सीट जीती थीं।

केरल: भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत, 140 सीटों पर वोटिंग
केरल की सभी 140 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इन पर 957 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार है और वो राज्य में काफी मजबूत है, लेकिन भाजपा ने भी इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वायनाड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का केरल पर विशेष फोकस रहा है। यहां लेफ्ट LDF, कांग्रेस UDF और भाजपा NDA गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही हैं। चुनाव में 2,74,46,039 वोटर मतदान करेंगे। इसमें 1,32,83,724 पुरुष,1,41,62,025 महिलाएं और 1,41,62,025 ट्रांसजेंडर हैं।

तमिलनाडु: ​234 सीटों पर 3,998 उम्मीदवार​​​​​​

  • तमिलनाडु में 234 सीटों पर चुनाव हैं। इसके लिए 3,998 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में 6.28 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 3.08 करोड़ पुरुष और 3.18 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। तमिलनाडु में AIADMK के साथ भाजपा, PMK और कुछ छोटी पार्टियां चुनाव लड़ रही हैं। DMK के साथ कांग्रेस CPI(M) और 10 छोटी पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। कमल हासन भी यहां चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी पार्टी MNM सहयोगी पार्टियों के साथ चुनाव लड़ रही है।
  • यहां 88,936 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 8,97,694 मतदाता ऐसे हैं, जो पहली बार मतदान करेंगे। चुनाव के लिए 23,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। 2016 के चुनाव में यहां कांग्रेस ने 15, AINC ने 8, AIADMK ने 4, DMK ने 2 सीटें जीती थीं। BJP उस समय एक भी सीट नहीं जीत सकी थी।

पुडुचेरी​: सबने किए बड़े-बड़े वादे

  • राष्ट्रपति शासन झेल रहे पुडुचेरी की सभी 30 सीटों पर भी आज चुनाव हो रहे हैं। इन सीटों पर 324 प्रत्याशी मैदान में हैं और 10,04,507 मतदाता मतदान करेंगे। यहां चुनाव जीतने के लिए दोनों ही पार्टियों ने वादों की झड़ी लगा दी है। BJP ने पुडुचेरी को विशेष केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा देने का वादा किया है तो वहीं कांग्रेस ने एक कदम आगे चलकर पूर्व राज्य का दर्जा देने का दांव चला है। BJP के वादों में राज्य का फंड बढ़ाकर 25 से 40 प्रतिशत करना शामिल है।
  • कांग्रेस ने राज्य के सभी लोन माफ करने का वादा, सभी को फ्री कोरोना वैक्सीन, SC, ST, OBC और मछुआरों की लड़कियों को फ्री शिक्षा का वादा भी किया है। कांग्रेस और BJP के अलावा यहां कमल हासन की पार्टी मक्कल निधि मय्यम (MNM) भी चुनाव मैदान में है। भाजपा यहां गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। BJP यहां 9, AINC 16 और AIADMK 5 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस शासित वी नारायणस्वामी की सरकार गिरने के बाद यहां फरवरी में राष्ट्रपति शासन लगा था।
English Website