देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2.40 लाख केस मिले, 3736 मरीजों की मौत

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2.40 लाख केस मिले, 3736 मरीजों की मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार धीमी होने लगी है। शनिवार को देश में 2 लाख 40 हजार 766 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। देश में 35 दिन बाद नए संक्रमितों का आंकड़ा 2.5 लाख के नीचे रहा है। इससे पहले 16 अप्रैल को 2 लाख 34 हजार 2 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे।

हालांकि, महामारी की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा अब भी चिंता का सबब बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना की वजह से 3,736 लोगों की मौत हुई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दौरान 3 लाख 54 हजार 825 लोग ठीक भी हुए हैं।

इस तरह देश में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में एक लाख 17 हजार 877 की गिरावट देखी गई। फिलहाल देश में 28 लाख 403 कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

बीते दिन रिकॉर्ड 21.23 लाख टेस्ट हुए
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक, देश में शनिवार को कोरोना वायरस के लिए 21 लाख 23 हजार 782 सैंपल टेस्ट किए गए। यह सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया में एक दिन किए गए टेस्ट का सबसे बड़ा आंकड़ा है। देश में अब तक कुल 32 करोड़ 86 लाख 7 हजार 937 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

English Website