देशभर में ठिठुरन फिर भी 122 साल में देश का 12वां सबसे गर्म नवंबर

देशभर में ठिठुरन फिर भी 122 साल में देश का 12वां सबसे गर्म नवंबर

देश के बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में नवंबर महीने में पहली बार इतना अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के 122 सालों के रिकॉर्ड के अनुसार यह देश के लिए 12वां सबसे गर्म नवंबर रहा। बीते महीने देश भर में बारिश भी 37% कम दर्ज की गई और कोहरा भी कम बना।

बीते महीने में देश का औसत अधिकतम, न्यूनतम और माध्य (मीन) तापमान क्रमश: 29.37 डिग्री सेल्सियस, 17.69 डिग्री सेल्सियस व 23.53 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से अधिक है। वहीं पूर्वी राज्यों में बीते महीने के दौरान दिन का औसत अधिकतम तापमान 29.06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो महीने के सामान्य तापमान 27.79 डिग्री सेल्सियस से 1.27 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

इससे पहले नवंबर में यहां इतना अधिक तापमान 43 साल पहले 1979 में 29.04 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। यह लगातार 13वां साल है जब पूर्वी राज्यों में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है।पूर्वी राज्यों में बारिश भी बीते महीने 98% कम हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, यहां नवंबर में सामान्य रूप से 22.6 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार केवल 0.4 मिमी ही हुई। इसी तरह मध्य भारत (ओडिशा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व गुजरात) में भी 97% कम बारिश हुई। नवंबर में सामान्य रूप से इस हिस्से में 14 मिमी बारिश होती है जो घटकर 0.4 मिमी रह गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website