दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात 9:45 बजे इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट के इंजन में टेक ऑफ के दौरान आग लग गई। खतरे को भांपते ही पायलट ने इसे रनवे पर ही रोक दिया। इसमें 184 पैसेंजर थे। सभी सुरक्षित हैं। इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि तकनीकी खराबी की वजह से चिंगारी दिखाई दीं।
इस घटना पर DGCA ने कहा कि टेकऑफ के दौरान फ्लाइट के इंजन-2 में जोरदार धमाका सुना गया था, जिसके कारण उसमें आग लग गई। DGCA के मुताबिक आग पर काबू कर फ्लाइट को ग्राउंडेड कर दिया गया है। हादसे की वजह की जांच की जा रही है और इसमें जो भी दोषी होंगे उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
पैसेंजर ने बनाया वीडियो
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे प्लेन में मौजूद पैसेंजर ने बनाया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि प्लेन टेक ऑफ के लिए रनवे पर दौड़ता है, तभी अचानक चिंगारी उठने लगती हैं। देखते ही देखते चिंगारी आग का रूप ले लेती हैं। पायलट तुरंत प्लेन को रनवे पर ही रोक देता है। फिर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।