कोरोना: 37645 नए मरीज मिले, 39674 ठीक हुए; 720 ने जान गंवाई; महाराष्ट्र में 2165 एक्टिव केस बढ़े

कोरोना: 37645 नए मरीज मिले, 39674 ठीक हुए; 720 ने जान गंवाई; महाराष्ट्र में 2165 एक्टिव केस बढ़े

नई दिल्ली। देश में रविवार को 37,645 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 39,674 लोग ठीक हुए और 720 की संक्रमण की वजह से मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 2,759 की कमी दर्ज की गई। हालांकि, महाराष्ट्र में एक्टिव केस का ट्रेंड बता रहा है कि इसमें स्थिरता आ रही है। ऐसे में अब यहां जल्द ही नए केस में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो सकता है। राज्य में रविवार को एक्टिव केस में 2,165 मामलों का उछाल आया। इस आंकड़े में यहां दो दिन से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार को इसमें 1,769 की बढ़ोतरी हुई थी।

देश में कोरोना को मात देने वाले मरीजों का आंकड़ा तीन करोड़ के पार हो गया है। रविवार रात तक 3 करोड़ 7 हजार लोग रिकवर हो चुके हैं। हालांकि, एक्टिव केस कम होने की रफ्तार में कमी आई है। 6 दिनों से लगातार एक्टिव केसेज में 5 हजार से कम की गिरावट देखी जा रही है। 5 जुलाई को 18 हजार से ज्यादा एक्टिव केस कम हुए थे।

8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियाें के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

  1. महाराष्ट्र
    यहां रविवार को 8,535 लोग संक्रमित पाए गए। 6,013 लोग ठीक हुए और 350 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 61.57 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 59.12 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.25 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.16 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
  2. छत्तीसगढ़
    राज्य में रविवार को 188 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 263 लोग ठीक हुए और 3 की मौत हुई। अब तक 9.97 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.79 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,478 लोगों की मौत हो चुकी है। 4,784 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
  3. उत्तर प्रदेश
    यहां रविवार को 125 लोग संक्रमित पाए गए। 134 लोग ठीक हुए और 5 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 17.07 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.83 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,698 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 1,594 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  4. दिल्ली
    दिल्ली में रविवार को 53 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 99 लोग ठीक हुए और 3 की मौत हो गई। अब तक 14.35 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.09 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 25,015 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 743 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  5. राजस्थान
    यहां रविवार को 52 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए और 100 लोग ठीक हुए। अब तक राज्य में 9.53 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.43 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,945 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 702 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  6. गुजरात
    राज्य में रविवार को 42 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस दौरान 262 लोग ठीक भी हुए। यहां अब तक करीब 8.24 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.13 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,073 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 931 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
  7. मध्यप्रदेश
    यहां रविवार को 23 नए मामले सामने आए। अब तक राज्य में 7.90 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.80 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,025 लोगों की मौत हो गई। 415 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website