कोरोना: देश में लगातार छठवें दिन 40 हजार से ज्यादा केस, नए मामले ठीक होने वालों से ज्यादा, अगस्त में छोटी लहर की आशंका

कोरोना: देश में लगातार छठवें दिन 40 हजार से ज्यादा केस, नए मामले ठीक होने वालों से ज्यादा, अगस्त में छोटी लहर की आशंका

नई दिल्ली। देश में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में 40,627 नए मरीज मिले, 36,627 ठीक हुए और 424 ने जान गंवाई। इस तरह अब एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 4 लाख 8 हजार 343 हो गई है। यह 26 जुलाई को घटकर 3 लाख 92 हजार 694 हो गई थी। नए केस लगातार छठवें दिन 40 हजार से ज्यादा आए हैं।

इस बीच रिसर्चर्स ने चेतावनी दी है कि मामलों में यह बढ़ोतरी कोरोना की छोटी लहर में तब्दील हो सकती है। आशंका है कि यह तीसरी लहर अगस्त में शुरू होकर अक्टूबर में पीक पर पहुंचेगी। वैज्ञानिकों ने एक मैथेमैटिकल मॉडल के जरिए यह अनुमान लगाया है।

तीसरी लहर में रोजाना 1.5 लाख केस आ सकते हैं
यह स्टडी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) हैदराबाद के मथुकुमल्ली विद्यासागर और IIT कानपुर के मनिंद्र अग्रवाल ने की है। उन्होंने बताया कि तीसरी लहर में अच्छी स्थिति रही तो एक दिन में एक लाख से कम मामले आएंगे और सबसे खराब स्थिति में एक दिन में 1.5 लाख से ज्यादा केस भी दर्ज हाे सकते हैं। केरल और महाराष्ट्र में बढ़ते मामलों से मुश्किल खड़ी हो सकती है।

एक महीने में 12.39 लाख मामले
जुलाई से अगस्त के बीच देश में 12.37 लाख मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 13.08 लाख मरीज ठीक हुए और 24,259 की मौत हुई। जुलाई में सबसे ज्यादा केस दूसरे हफ्ते में यानी 7-14 जुलाई के दौरान दर्ज हुए। इस हफ्ते 2.78 लाख लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

R-वैल्यू बढ़ने से बढ़ी चिंता
दिल्ली एम्स के प्रमुख डॉ. रणदीप गुलेरिया ने बताया कि देश में कोरोना संक्रमण की R-वैल्यू 1 हो गई है, जो चिंता का कारण हाे सकती है। इस वैल्यू का मतलब है कि एक कोविड संक्रमित व्यक्ति किसी एक व्यक्ति को संक्रमित कर सकता है। ऐसे में ट्रांसमिशन की चेन तोड़ने के लिए ‘टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट’ रणनीति अपनानी होगी। उन हिस्सों में रोकथाम के लिए सख्त पॉलिसी की जरूरत है, जहां नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

डेटा साइंटिस्ट्स के मुताबिक, R फैक्टर यानी रीप्रोडक्शन रेट। यह बताता है कि एक इन्फेक्टेड व्यक्ति से कितने लोग इन्फेक्ट हो रहे हैं या हो सकते हैं। अगर R फैक्टर 1.0 से अधिक है तो इसका मतलब है कि केस बढ़ रहे हैं। वहीं, R फैक्टर का 1.0 से कम होना या कम होते चले जाना केस घटने का संकेत होता है।

प्रमुख राज्यों के हाल

  1. केरल
    यहां रविवार को 20,728 लोग संक्रमित पाए गए। 17,792 लोग ठीक हुए और 56 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 34,11,489 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 32,26,761 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,838 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1,67,380 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
  2. महाराष्ट्र
    यहां रविवार को 6,479 लोग संक्रमित पाए गए। 4,110 लोग ठीक हुए और 157 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 63.10 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 60.94 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.32 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 78,962 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  3. दिल्ली
    दिल्ली में रविवार को 85 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस दौरान 83 लोग ठीक हुए और 1 की मौत भी हुई। यहां अब तक 14.36 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.10 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 25,054 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 582 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  4. उत्तर प्रदेश
    रविवार को 35 लोग संक्रमित पाए गए। इस दौरान 76 लोग ठीक हुए और 7 की मौत भी हुई। अब तक राज्य में 17.08 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.85 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,763 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 664 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  5. गुजरात
    राज्य में रविवार को 23 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस दौरान 21 लोग ठीक भी हुए। यहां अब तक करीब 8.24 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.14 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,076 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 254 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
  6. मध्यप्रदेश
    यहां रविवार को 17 नए मामले सामने आए और 14 लोग ठीक भी हुए। अब तक राज्य में 7.91 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.81 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,513 लोगों की मौत हो गई। 125 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
  7. राजस्थान
    यहां रविवार को 10 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इस दौरान 13 लोग ठीक हुए। अब तक राज्य में 9.53 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.44 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,954 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 245 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  8. छत्तीसगढ़
    यहां अचानक से रविवार को मामलों में बढ़ोतरी देखने का मिली है। बीते दिन यहां 214 नए केस दर्ज हुए, जबकि शनिवार को सिर्फ 102 मामले देखे गए थे। रविवार को यहां 157 लोगों ने कोरोना को मात दी और 1 की मौत हुई। अब तक यहां 10,02,222 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 13,525 लोगों की संक्रमण से जान गई है। यहां 9,86,778 लोगों का इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website