कोरोना: देश में पिछले 24 घंटे में 29413 केस आए, यह 125 दिन में सबसे कम

कोरोना: देश में पिछले 24 घंटे में 29413 केस आए, यह 125 दिन में सबसे कम

नई दिल्ली। देश में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। देश में सोमवार को 29,413 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 45,345 लोगों ने कोरोना को मात दी और 372 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत भी हुई।

नए संक्रमितों की बात करें, तो यह आंकड़ा पिछले 125 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 16 मार्च को 28,869 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसी तरह रोजाना होने वाली मौतों के आंकड़े में भी गिरावट हुई। यह आंकड़ा भी पिछले 111 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 30 मार्च को 355 लोगों की मौत हुई थी।

एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की बात करें, तो इसमें पिछले 24 घंटों में 16,322 की कमी रिकॉर्ड की गई। देश में फिलहाल 3 लाख 99 हजार 998 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। यह आंकड़ा भी पिछले 117 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले देश में 24 मार्च को 3.91 लाख एक्टिव केस थे।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 29,413
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 45,345
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 372
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.11 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.03 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.14 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 3.99 लाख

8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

अपडेट्स

पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी फ्लाइट पैसेंजर्स के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक, यात्रियों को फुल वैक्सीनेशन प्रूफ या 72 घंटे पहले की RT-PCR रिपोर्ट दिखानी होगी। तभी उन्हें राज्य में एंट्री दी जाएगी। पश्चिम बंगाल में कोरोना कर्फ्यू को 30 जुलाई तक बढ़ाया गया है। अब तमाम पाबंदियां 30 जुलाई तक रहेंगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण आज शाम 6 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में देश में कोरोना के हालात पर सदन के नेताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान हेल्थ सेक्रेटरी महामारी की वजह से बने हालात और मैनेजमेंट से जुड़ा प्रेजेंटेशन भी पेश कर सकते हैं।
प्रमुख राज्यों के हाल

  1. केरल
    यहां सोमवार को 9,931 लोग संक्रमित पाए गए। 13,206 लोग ठीक हुए और 58 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 31.70 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 30.33 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 15,408 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.21 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
  2. महाराष्ट्र
    यहां सोमवार को 6,017 लोग संक्रमित पाए गए। 13,051 लोग ठीक हुए और 66 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 62.20 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 59.93 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.27 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 96,375 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
  3. उत्तर प्रदेश
    यहां सोमवार को 37 लोग संक्रमित पाए गए। 102 लोग ठीक हुए और 7 की मौत हुई। अब तक राज्य में 17.07 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.83 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,728 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 1,188 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  4. दिल्ली
    दिल्ली में सोमवार को 36 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए और 58 लोग ठीक हुए। यहां अब तक 14.35 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.09 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 25,030 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 567 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  5. राजस्थान
    यहां सोमवार को 33 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए और 69 लोग ठीक हुए और एक की मौत हुई। अब तक राज्य में 9.53 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.44 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,951 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 435 मरीजों का इलाज चल रहा है।
  6. गुजरात
    राज्य में सोमवार को 24 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस दौरान 74 लोग ठीक भी हुए। यहां अब तक करीब 8.24 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.13 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,076 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 443 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
  7. मध्यप्रदेश
    यहां सोमवार को 12 नए मामले सामने आए और 29 ठीक हुए। अब तक राज्य में 7.91 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.80 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,512 लोगों की मौत हो गई। 202 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website