मप्र सरकार विवेक और नीलकांता को देगी एक-एक करोड़

मप्र सरकार विवेक और नीलकांता को देगी एक-एक करोड़

भोपाल, | टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने जर्मनी को परास्त कर कांस्य पदक जीता है, भारतीय टीम में मध्य प्रदेश से नाता रखने वाले दो खिलाड़ी विवेक सागर और नीलकांता शर्मा शामिल हैं। इन दोनों खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक-एक करोड़ रुपए बतौर पुरस्कार देने का ऐलान किया है। वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने भारतीय टीम को बधाई दी है। मुख्यमंत्री चौहान ने भारतीय पुरूष हॉकी टीम द्वारा टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर टीम को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने टीम में शामिल प्रदेश के युवा खिलाड़ी इटारसी के विवेक सागर और मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी के नीलकांता शर्मा को सम्मान निधि के रूप में एक-एक करोड़ रुपए का पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह केवल कांस्य पदक ही नहीं है, अपितु भारतीय हॉकी का पुनर्जागरण है। भारतीय हॉकी टीम ने दुनिया की श्रेष्ठ टीमों न्यूजीलैंड, स्पेन, अर्जेंटीना, ग्रेट ब्रिटेन, जर्मनी, जापान को परास्त कर यह सम्मान प्राप्त किया है। मध्यप्रदेश के लिए विशेष रूप से यह गर्व की बात इसलिए भी है कि हमारे प्रदेश के इटारसी जिले के युवा खिलाड़ी विवेक सागर इस टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने ओलंपिक प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर भारतीय टीम को कई श्रेष्ठ टीमों के विरूद्ध विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नीलकांता शर्मा भी मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी से चयनित होकर गए थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरूष हॉकी टीम का भी सम्मान और स्वागत किया जायेगा।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने हॉकी टीम को बधाई देते हुए प्रदेश सरकार द्वारा इटारसी के विवेक सागर एवं मध्यप्रदेश हॉकी एकेडमी से ट्रेनिंग लेने वाले नीलकांता शर्मा जी को एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि देने का निर्णय लिया को उत्साहवर्धक कदम बताते हुए के लिए मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के टोक्यो ओलम्पिक में जर्मनी को हराकर कांस्य पदक जीतने पर पूरी टीम व देशवासियो को बधाई और कहा वर्षों बाद मिली इस जीत से देश का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

English Website